बजट सत्र के बीच दूसरी बार दिल्ली गए सीएम सुखविंदर सिंह, जानिए क्या है वजह

punjabkesari.in Sunday, Apr 02, 2023 - 09:55 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह दूसरी बार दिल्ली रवाना हुए हैं। वह रविवार को अचानक ही दिल्ली रवाना हुए। उनका यह दिल्ली दौरा काफी अहम माना जा रहा है। सूत्रों की मानें तो प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार सहित निगमों व बोर्डों में की जाने वाली नियुक्तियों को लेकर वह हाईकमान से चर्चा कर सकते हैं। इस संबंध में वह पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ मुलाकात करेंगे। प्रदेश के विकास की योजनाओं को लेकर सुखविंदर सिंह केंद्रीय मंत्रियों से भी मिलेंगे। मुख्यमंत्री सोमवार को दोपहर बाद वापस लौट सकते हैं तथा बजट सत्र में भाग लेंगे। 

मंत्रिमंडल में अभी खाली चल रहे 3 पद 
मुख्यमंत्री के दिल्ली रवाना होने के बाद यहां मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कयास लगाए जाने लगे हैं। सुखविंदर मंत्रिमंडल में अभी 3 पद खाली हैं। इसके अलावा विधानसभा उपाध्यक्ष की भी तैनाती होनी है। बोर्डों व निगमों में कई नियुक्तियां अभी सरकार ने करनी हैं। राज्य में मंत्री पद के लिए विधायक राजेश धर्माणी, राजेंद्र राणा, सुधीर शर्मा, यादविंद्र गोमा सहित संजय रतन व रवि ठाकुर का नाम प्रमुख रूप से लिया जा रहा है। इसी तरह जिला मंडी से कांग्रेस के एक मात्र विधायक चंद्रशेखर को विधानसभा उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है, साथ ही पार्टी के पदाधिकारी भी अभी ताजपोशी का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में निगमों व बोर्डों में उनकी ताजपोशी हो सकती है। 

दिल्ली में सोमवार को महिला कांग्रेस का प्रदर्शन 
दिल्ली में महिला कांग्रेस का सोमवार यानि 3 अप्रैल को प्रदर्शन होगा। इसमें देश भर से महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता व पदाधिकारी भाग लेंगी। यह प्रदर्शन राहुल गांधी के समर्थन में किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जैनब चंदेल व संगठन से जुड़ी कई अन्य कार्यकर्ता  इस प्रदर्शन में भाग लेने के लिए रविवार को दिल्ली रवाना हुई हैं।

राहुल की जमानत को लेकर आवेदन दायर कर सकती है कांग्रेस
जानकारी के अनुसार पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी सोमवार को सूरत की अदालत में जमानत को लेकर आवेदन दायर करेंगे। पूरी कांग्रेस राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने के बाद उनके साथ खड़ी है। ऐसे में राहुल को जमानत मिलने के मौके पर कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा पार्टी के तमाम नेता दिल्ली में मौजूद रहेंगे।  

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News