Mandi Murder Case: 3 बहनों में मंझली थी सिया गुलेरिया, आरोपी ने क्यों किया मर्डर? जानें SP ने क्या कहा
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 06:18 PM (IST)
Mandi Murder Case : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा सिया गुलेरिया की नृशंस हत्या ने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, इस घटना के बाद से देवभूमि की कानून-व्यवस्था और बेटियों की सुरक्षा को लेकर आक्रोश चरम पर है।
नशे का आदी है आरोपी
एसपी मंडी विनोद कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास उर्फ रिशु के रूप में हुई है, जो नैन के पास ही के गांव का निवासी है। ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर एक नाले से दबोचा। गुस्साए लोगों ने पुलिस के हवाले करने से पहले आरोपी की जमकर पिटाई की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है। उसने नशे में ही युवती की हत्या की है। हालांकि, अभी तक हत्या की कोई ठोस वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पूछताछ के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। एसपी मंडी विनोद कुमार ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जल्द ही उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जा रहा है कि मृतक छात्रा सिया गुलेरिया कॉलेज में द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय थी। वह छात्र संगठन SFI की कार्यकर्ता थी। सिया के पिता सोलन के बद्दी में ट्रक चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनकी तीन बेटियों में सिया मंझली थी। उसकी बड़ी बहन बद्दी में कार्यरत है और छोटी बहन ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा दी है।
कानून-व्यवस्था पर राजनीतिक और सामाजिक उबाल
वहीं, इस जघन्य हत्याकांड के बाद प्रदेश सरकार और प्रशासन विपक्ष के निशाने पर है। सरकाघाट के भाजपा विधायक दिलीप सिंह ने प्रदर्शन करते हुए कहा, "यह घटना सुशासन के दावों पर एक बड़ा तमाचा है। जब पढ़ने निकली बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, तो समाज किस दिशा में जा रहा है?" वहीं, एसएफआई हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय कमेटी ने बिगड़ती कानून व्यवस्था पर गहरा दुख जताया और दोषियों के लिए फांसी की मांग की है।

