सरकार ने नशे के खिलाफ बनाया सख्त कानून, चिट्टे के खिलाफ और तेज हाेगा अभियान : सुक्खू
punjabkesari.in Thursday, Oct 02, 2025 - 07:08 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद चिट्टे पर करारी चोट की है। राज्य सरकार ने नशे के खिलाफ सख्त कानून बनाया है, जिससे इस बुराई में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई है। सुखविंदर सिंह सुक्खू यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यदि पिट एनडीपीएस एक्ट को पूर्व भाजपा सरकार ने सख्ती से लागू किया होता तो हालात शीघ्र सामान्य हो सकते थे।
पुलिस विभाग ने किए सराहनीय प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग ने इस दिशा में सराहनीय प्रयास किए हैं। चिट्टे के खिलाफ आने वाले समय में चलाए जा रहे अभियान को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने नशे के खिलाफ जो सख्त कानून बनाया है, उसमें सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता है। इसके लिए राज्य सरकार ने पंचायत स्तर से इस अभियान को चलाकर लोगों को जोड़ने का काम किया है। उल्लेखनीय है कि पिट एनडीपीएस एक्ट उन गंभीर नशे का कारोबार करने वाले अपराधियों पर लगाया जाता है, जो लगातार इसमें शामिल पाए जाते हैं।
जीएसटी की पहली किस्त 10 की बजाय पहली तारीख को आई, इसमें कोई बड़ी बात नहीं
मुख्यमंत्री ने जीएसटी की पहली किस्त के रूप में 857 करोड़ रुपए जारी होने को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि यह कोई बड़ी बात नहीं है, क्योंकि जो किस्त 10 तारीख को आती थी, वह पहली को आ गई है। उन्होंने गांधी जयंती के अवसर पर कहा कि महात्मा गांधी ने पूरे विश्व को शांति का संदेश दिया। उन्होंने जब देश में गरीबी के कारण कपड़ों की कमी को महसूस किया तो खुद सब कुछ त्यागकर लोगों को खादी पहनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की भी जयंती है, जिन्होंने अन्न के मामले में देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जय जवान-जय किसान का नारा दिया था।
समाज में व्याप्त बुराइयों का दहन करने की आवश्यकता : राज्यपाल
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि दशहरा पर्व पर हमें समाज में व्याप्त बुराइयों को दहन करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इसमें नशा भी एक बुराई है, जिसके खिलाफ उनकी तरफ से प्रदेशव्यापी अभियान को चलाया गया है। इस अभियान में लोगों के व्यापक स्तर पर जुड़ने से सार्थक परिणाम सामने आए हैं।