हिमाचल में 'चिट्टे' के खिलाफ चलेगी बड़ी मुहिम, 16 NGO ने मिलकर बनाई 'संजीवनी संस्था'

punjabkesari.in Thursday, Sep 25, 2025 - 05:35 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश में युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल रहे चिट्टे जैसे घातक नशे के खिलाफ प्रदेश के 16 गैर-सरकारी संगठन अब एकजुट होकर एक निर्णायक लड़ाई लड़ेंगे। आज शिमला के ऐतिहासिक विलीज पार्क में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में इन सभी संगठनों ने संजीवनी संस्था को एक मातृ संस्था के रूप में स्थापित कर राज्यव्यापी महाअभियान चलाने का संकल्प लिया है।

बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे एनजीओ के प्रतिनिधियों ने युवाओं में बढ़ती नशे की लत, विशेषकर चिट्टे के जानलेवा प्रयोग पर गहरी चिंता व्यक्त की। सभी ने एकमत से यह स्वीकार किया कि जिला स्तर पर किए जा रहे उनके प्रयास इस विकराल समस्या से निपटने के लिए नाकाफी हैं। युवा पीढ़ी को बचाने के लिए एक संगठित और व्यापक अभियान की आवश्यकता को महसूस करते हुए संजीवनी संस्था को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। संजीवनी संस्था अब सभी सहयोगी एनजीओ के साथ मिलकर प्रदेशभर में एक सामूहिक अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत सामाजिक चेतना जगाने, नशे की गिरफ्त में फंसे युवाओं का मार्गदर्शन करने और हिमाचल प्रदेश से चिट्टे का 100 फीसदी बहिष्कार करने का लक्ष्य रखा गया है।

संस्था की राज्य स्तरीय संचालन कमेटी गठित, महेंद्र कुमार धर्मानी बने अध्यक्ष
बैठक में संजीवनी संस्था की राज्य स्तरीय संचालन कमेटी का भी सर्वसम्मति से गठन किया गया। इसमें अध्यक्ष महेंद्र कुमार धर्मानी, उपाध्यक्ष नितिन व्यास, सुरेंद्र ठाकुर, डॉ. जोगिंदर सकलानी, टीटू ठाकुर, संजीव शर्मा व रतन ठाकुर, सचिव मनीष कुमार, संदीप ऑक्टा, देवेंदर ठाकुर, प्रदीप शर्मा, अजय शर्मा व संजीव, महासचिव नरेश शर्मा, कार्यालय सचिव राजू ठाकुर, सलाहकार जोगिंदर कंवर, मुख्य सलाहकार ओपी शर्मा, कानूनी सलाहकार पीयूष वर्मा, कोषाध्यक्ष डीपी शर्मा, सहायक मीडिया इंचार्ज कमल ठाकुर और सोशल मीडिया को-ऑर्डिनेटर कैप्टन अतुल शर्मा  व मनोज काे चुना गया। बैठक में मौजूद सभी 16 एनजीओ के सदस्यों को संस्था का संस्थापक सदस्य बनाया गया है।

दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करेगी संस्था : महेंद्र धर्मानी
संस्था के नवनियुक्त अध्यक्ष महेंद्र कुमार धर्मानी ने कहा कि संजीवनी संस्था पूरी तरह से एक सामाजिक संगठन है और यह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि हमारा एकमात्र लक्ष्य हिमाचल से चिट्टा जैसी सामाजिक बुराई का समूल विनाश करना है। हम जल्द ही प्रदेशव्यापी जनसंपर्क अभियान शुरू करेंगे और समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों को इस मुहिम से जोड़ेंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि संस्था नवम्बर के प्रथम सप्ताह में शिमला में एक बड़े राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News