Himachal: सीएम सुक्खू का बड़ा ऐलान, बाेले-कांगड़ा में बनेंगे रेलवे अंडर ब्रिज, पौंग बांध विस्थापितों को मिलेगा न्याय

punjabkesari.in Tuesday, Jul 08, 2025 - 11:35 AM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य सरकार कांगड़ा जिले को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में अनेक ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कांगड़ा जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में रेल संपर्क और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई समस्याएं लंबे समय से लंबित थीं, जिन्हें अब गंभीरता से लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने रेलवे से संबंधित समस्याओं को पूरी ताकत और तर्कों के साथ रेल मंत्रालय के समक्ष रखा, जिसका अब ठोस असर जमीनी स्तर पर देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि कांगड़ा जिले में जल्द ही कई स्थानों पर रेलवे अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की कनैक्टिविटी सुधरेगी और स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी।

रेलवे अंडर ब्रिज से बदलेगी कांगड़ा की सूरत
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई गांवों और कस्बों को रेलवे लाइन के दोनों ओर स्थित होने के कारण आवागमन में वर्षों से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बरसात के मौसम में रेलवे फाटकों पर घंटों जाम लग जाता था। अंडर ब्रिज बनने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि पर्यटकों के लिए भी कांगड़ा तक पहुंचना आसान हो जाएगा।

पौंग बांध विस्थापितों को मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि पौंग बांध विस्थापितों की पीड़ा को सरकार भली-भांति समझती है और उनकी समस्याओं का समाधान हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि हजारों परिवार जो दशकों से पुनर्वास की मांग कर रहे थे, उन्हें न्याय दिलाने के लिए सरकार ने ठोस और संवेदनशील कदम उठाए हैं। सरकार द्वारा गठित विशेष समिति ने विस्थापितों से सीधे संवाद स्थापित किया है और उनकी भूमि, रोजगार तथा पुनर्वास से संबंधित समस्याओं का व्यावहारिक हल तलाशने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। सुक्खू ने कहा कि सरकार विस्थापितों को उनका हक दिलाकर उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।

समग्र विकास और जनकल्याण सरकार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार हिमाचल प्रदेश के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हम किसी एक क्षेत्र को नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश को संतुलित रूप से विकसित करना चाहते हैं। हर वर्ग, हर क्षेत्र की समस्याओं को सुनना और हल करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News