भाजपा ने की ओछी राजनीति, हम शराफत में ज्यादा रहे : सुक्खू

punjabkesari.in Thursday, Feb 29, 2024 - 08:53 PM (IST)

शिमला (राक्टा): प्रदेश भाजपा ने जिस ओछी राजनीति का परिचय दिया है, उसको प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरवार को ओकओवर में आयोजित पत्रकार वार्ता में ये बात कही। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव पहले टाई हो गया था और बाद में पर्ची से परिणाम निकला। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद भाजपा ने ऐसी भ्रांतियां फैलाने का काम किया कि सरकार गिर जाएगी। ऐसा हिमाचल की संस्कृति में पहले कभी नहीं देखा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सदन चल रहा था तो अफवाह उड़ाई गई कि मुख्यमंत्री पद से उन्होंने इस्तीफा दे दिया है, जो एक षड्यंत्र था ताकि सदन में सत्तापक्ष के सदस्यों की संख्या कम हो जाए क्योंकि उस दिन बजट भी पारित होना था। सीएम सुक्खू ने एक सवाल के जवाब में कहा कि वे शराफत में ज्यादा रहे जबकि भाजपा ने सरकार को गिराने का पूरा जोर लगाया। उन्होंने माना कि सरकार का सूचना तंत्र भी कमजोर रहा है। 

प्रलोभन में आए विधायक जनता को भी फेस नहीं कर पाएंगे
सीएम ने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस के पास सदन में पूरा बहुमत था। भाजपा के पास 25 विधायक हैं, जबकि मार्शल को गले से पकड़ने पर 15 भाजपा विधायक निष्कासित किए गए। कांग्रेस के जो 6 विधायक निष्कासित हुए हैं, उन्हें उस समय निष्कासित नहीं किया गया था। ऐसे में वे अंदर आते तो बच जाते क्योंकि व्हिप जारी किया गया था। सीएम ने कहा कि भाजपा विधायकों को चुराकर ले गई है और जनता के वोट से जीतकर आने वाले जो विधायक प्रलोभन में आए हैं, वे अब जनता को भी फेस नहीं कर पाएंगे। 

क्रॉस वोटिंग करने वालों के नहीं लग रहे फोन
सीएम ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि गलती किसी से भी हो सकती है। जो विधायक गए हैं, उनमें कोई छोटा तो कोई बड़े भाई जैसा है। गलती माफ की जा सकती है, कांग्रेस विचार में उनका स्वागत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के फोन तक नहीं लग रहे हैं, 2 की पत्नियां उनसे मिलने घर आईं थीं।

पार्टी पहले भी मजबूत थी, अब भी मजबूत : प्रतिभा सिंह
प्रतिभा सिंह ने ओकओवर में मीडिया से कहा कि पार्टी की अब अगली चुनौती लोकसभा चुनाव है, जिसमें सभी को एकजुट होकर कार्यकर्त्ताओं का मनोबल बढ़ाकर सभी सीटों पर जीत दर्ज करनी है। एक सवाल के जवाब में कहा कि पार्टी पहले भी मजबूत थी, अब भी मजबूत है। उन्होंने कहा कि जो कुछ छोटे-मोटे मसले थे, उन पर पर्यवेक्षकों से बात हुई है। सत्ता-संगठन में तालमेल के समन्वय समिति बनाने पर निर्णय हुआ है। ऐसे में अब हाईकमान कमेटी बनाएगी तो उसके समक्ष सभी मसलों काे रखा जाएगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News