Exclusive : जयराम बोले-हार से बहुत कुछ सीखा, सीख लेकर आगे बढ़ेंगे और पुन: सरकार बनाएंगे

punjabkesari.in Sunday, Dec 05, 2021 - 12:05 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): उपचुनाव में हार पर पार्टी में गहन समीक्षा हुई है। संगठन व पार्टी हाईकमान से इस विषय में सभी बातें विस्तार से रखी गई हैं। हमने इस हार से बहुत कुछ सीखा है और अब नई सीख लेकर आगे बढ़ेंगे। उपचुनाव में भाजपा की हार को बेबाकी से स्वीकारते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि एक बात प्रमुखता से सामने आई है कि ओवर कॉन्फिडैंस में नहीं रहना चाहिए, सभी को जमीन पर रहकर कार्य करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग इस जीत से कुछ ज्यादा ही उत्साहित हो रहे हैं। यह जीत उनको उनकी मेहनत से नहीं, बल्कि सहानुभूति फैक्टर से मिली है। इसलिए वो ज्यादा उत्साहित न हों, क्योंकि अभी ऐसी स्थिति नहीं है कि कांग्रेस सत्ता में आएगी। आने वाले दिनों में हम पूरी मेहनत से काम करेंगे और परिवर्तन को पूरी तरह से रोकने की कोशिश करेंगे, फिर से सरकार बनाएंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस जो सपने देख रही है वह पूरे होने वाले नहीं। ऐसे ही कुछ सवालों के साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से हमारे राज्य ब्यूरो प्रमुख अनिल हैडली की विशेष बातचीत के कुछ अंश:-

सवाल : आपका क्या मानना है कि सहानुभूति फैक्टर ने चुनाव प्रभावित किया?
उत्तर :
हां अबकी बार सहानुभूति फैक्टर रहा, जिससे चुनाव प्रभावित हुए। आगे ऐसी संभावनाएं नहीं होगी। मंडी सीट तो कांग्रेस ने एक प्रतिशत से जीती उसे वैसे देखा जाए तो बड़ी जीत में नहीं देखा जा सकता। आगामी विधानसभा चुनाव में ऐसा नहीं होगा हमारी जीत बहुत लंबी होगी।

सवाल : अपने मंत्रियों की परफॉर्मेंस पर कितने खुश हैं क्या कोई बदलाव होगा?
उत्तर :
सभी मंत्री बेहतर काम कर रहे हैं, आगे और बेहतर कार्य करने के प्रयास होने चाहिए। अभी फिलहाल सब सही है, भविष्य में क्या होता है आगे देखेंगे।

सवाल : कहा जा रहा है कि आपके मंडी नारे ने पार्टी को बाकी जगह हरा दिया?
उत्तर :
उस तरह का नारा मंडी में नहीं था, मंडी पार्लियामैंट का चुनाव था तो मंडी का ही नारा लगना था। हां कांग्रेस ने इसे ट्वीस्ट करने की कोशिश की। 

सवाल : 2022 में क्या रहेगा टिकट वितरण का फार्मूला?
उत्तर :
आगामी विधानसभा चुनाव तक सभी की परफॉर्मैंस देखी जाएगी। जो उस पैमाने में सही बैठेगा,उसे ही मौका दिया जाएगा। इसके अलावा पार्टी का अपना सर्वेक्षण भी होता है, जो उसमें फिट होगा उसे ही टिकट मिलेगा। जहां कुछ टिकट बदलने की जरूरत महसूस होगी उसे अवश्य बदला जाएगा।

सवाल : अगले एक साल में क्या फोकस रहेगा जयराम सरकार का?
उत्तर :
सरकार ने जनता की उपेक्षा के अनुरूप काफी बेहतर काम किया है। चार साल के कार्यकाल के बाद भी विपक्ष के पास कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। आगे भी हम अच्छा काम करेंगे, जिसके परिणाम सकारात्मक होंगे।

सवाल : जयराम का हिमाचल की जनता को कोई संदेश?
उत्तर :
जनता से बहुत बड़ा संदेश मिला है और हमारी सरकार सदैव जनता के हितों के लिए समॢपत है और हम भी सेवाभाव से काम कर रहे हैं और आगे भी करेंगे। कोरोना के दौरान भी हमने बेहतर कार्य किया। उसी का परिणाम है कि वैक्सीनेशन में भी 100 प्रतिशत के साथ पूरे देश में हिमाचल प्रथम स्थान पर है। जनता ने काफी सहयोग किया। जनता के सहयोग के बिना यह संभव नहीं था।

आऊटसोर्स कर्मियों को नियमित करने में कुछ पेचीदगियां, जल्द कोई रास्ता निकाल लेंगे

मुख्यमंत्री ने आऊटसोर्स कर्मचारियों बारे कहा कि यह मामला सरकार के ध्यान में है। हम एग्जामिन कर रहे हैं।  यह बहुत ही बेहतर सेवाएं दे रहे हैं। आऊटसोर्स कर्मियों को नियमित किए जाने को लेकर कुछ कानून की पेचीदगियां हैं, उन्हें स्टडी किया जा रहा है, हमारी सरकार की मंशा उनकी मदद करने की है जल्दी ही हम कोई रास्ता निकाल लेंगे।

पार्टी के खिलाफ काम करने वालों की रिपोर्ट तैयार, जल्द बाहर होंगे

रमेश धवाला के बाद कृपाल परमार फिर सोलन से गुप्ता का रोष आखिर कमी किधर है, कैसे दूर होगी? के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘ऐसा नहीं है आने वाले दिनों में धीरे-धीरे सभी चीजें सैटल हो जाएंगी। संगठन व पार्टी हाईकमान ऐसे मामले पूरी गंभीरता से ले रहा है, हां जहां अनुशासनहीनता होगी उसे कतई सहन नहीं किया जाएगा। अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होगी। ऐसे लोग जिन्होंने पार्टी के विरुद्ध कार्य किया है, उन पर संगठन ने एक रिपोर्ट तैयार की है। जल्दी उन्हें बाहर किया जाएगा।’’

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News