हिमाचल की बेटी ने बढ़ाया मान, सेना में कैप्टन से मेजर बनीं आंचल वशिष्ठ
punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 08:22 PM (IST)
भराड़ी (राकेश): वीरभूमि हिमाचल प्रदेश की एक और होनहार बेटी ने भारतीय सेना में एक बड़ा मुकाम हासिल कर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। बिलासपुर जिले के झंडूता उपमंडल के तहत आते गांव भटेड़ कलां की रहने वाली आंचल वशिष्ठ ने भारतीय सेना में मेजर के पद पर पदोन्नति हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आंचल वशिष्ठ भारतीय सेना की मिलिट्री नर्सिंग सर्विस में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दे रही हैं। इससे पहले वह सेना में कैप्टन के पद पर तैनात थीं। देश सेवा के प्रति उनके समर्पण और बेहतरीन कार्यप्रणाली को देखते हुए उन्हें अब मेजर के रैंक पर प्रमोट किया गया है। वर्तमान में मेजर आंचल वशिष्ठ देश के प्रतिष्ठित आर्मी हॉस्पिटल रिसर्च एंड रैफरल नई दिल्ली में तैनात हैं, जहां वह सैन्य अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों को अपनी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही हैं।
आंचल की इस शानदार सफलता के पीछे उनके अनुशासित और शिक्षित पारिवारिक परिवेश का अहम योगदान रहा है। उनके पिता सुखदेव वशिष्ठ शिक्षा विभाग से बतौर प्रधानाचार्य सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनकी माता बबिता वर्तमान में राजनीति विज्ञान की प्रवक्ता के रूप में कार्यरत हैं। मेजर आंचल का एक छोटा भाई नैतिक है, जो अभी 11वीं कक्षा में शिक्षा ग्रहण कर रहा है।
गांव की बेटी के सेना में मेजर बनने की खबर जैसे ही भटेड़ कलां और भराड़ी क्षेत्र में पहुंची, इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। अपनी कड़ी मेहनत और लगन से सेना में यह उच्च मुकाम हासिल करने वाली मेजर आंचल वशिष्ठ अब झंडूता क्षेत्र की युवा पीढ़ी, विशेषकर लड़कियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन गई हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

