Solan: शामती बाईपास और खस्ताहाल सड़कों को लेकर BJP का हल्ला बोल, सरकार को दी ये चेतावनी

punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 03:34 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): शामती बाईपास और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की खस्ताहालत को लेकर शनिवार को भाजपा ग्रामीण मंडल सोलन ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शामती में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सोलन क्षेत्र के विकास कार्यों में कथित तौर पर भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया।

प्रदर्शन में मौजूद भाजपा नेता डॉ. राजेश कश्यप ने सड़क की बदहाली पर चिंता जताते हुए कहा कि शामती बाईपास की हालत लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे पड़ गए हैं और बारिश के बाद स्थिति और भी दयनीय हो गई है। रोजाना गुजरने वाले भारी वाहनों और आम यात्रियों को इससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में सोलन के ग्रामीण क्षेत्रों की करीब 50 सड़कों की उचित मुरम्मत नहीं की गई है। खस्ताहाल सड़कों का सीधा खमियाजा स्थानीय किसानों को भुगतना पड़ रहा है, जिन्हें अपनी उपज खेतों से मंडियों तक ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

भाजपा नेता ने किसानों को समय पर खाद न मिलने का मुद्दा भी उठाया। इसके अलावा, उन्होंने तहसील सहित अन्य सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार होने और आम लोगों को परेशान किए जाने के आरोप लगाए। स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल खड़े करते हुए डॉ. कश्यप ने कहा कि सरकारी अस्पतालों से मरीजों को लगातार रेफर किया जा रहा है और उन्हें निजी केंद्रों पर एमआरआई व सीटी स्कैन करवाने के लिए विवश होना पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने एससी-एसटी निगम में भी कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया।

राजेश कश्यप ने स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत ग्रामीण सड़कों की दशा तुरंत सुधारने की मांग की है। भाजपा ने चेतावनी दी है कि शनिवार का यह प्रदर्शन केवल एक सांकेतिक चेतावनी है। यदि सरकार ने जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो भाजपा कार्यकर्ता संबंधित विभागों का घेराव करेंगे और जरूरत पड़ने पर कार्यालयों में तालाबंदी करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। इस धरना-प्रदर्शन का आयोजन भाजपा ग्रामीण मंडल सोलन के बैनर तले किया गया। इसमें मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत शर्मा और जिला परिषद अध्यक्ष कुमारी शीला सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News