UP-Bihar में BJP की हार पर CM जयराम ने दिया ये बयान, जानिए क्या बोले

punjabkesari.in Thursday, Mar 15, 2018 - 01:37 AM (IST)

शिमला: उत्तर प्रदेश और बिहार उपचुनावों में हुई हार के बाद विधानसभा परिसर में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी भाजपा का डंका बज रहा है और उपचुनावों के आधार पर तुलना करना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि उपचुनावों के आधार पर किसी भी प्रदेश के मुख्यमंत्री की लोकप्रियता व पार्टी की मजबूती का आकलन नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में तो 3 प्रदेशों में भाजपा की सरकारें बनी हैं और उपचुनावों में छोटे से चुनाव के नतीजों पर राष्ट्रीय पार्टी का आकलन करना उचित नहीं है। 

भाजपा का रथ राष्ट्र विजय की ओर बढ़ रहा 
उन्होंने कहा कि भाजपा का रथ राष्ट्र विजय की ओर बढ़ रहा है और यह रथ तब तक नहीं रुकेगा, जब तक पूरे देश का भगवाकरण नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि अब ले देकर दो-तीन राज्यों में ही कांगे्रस समर्थित पार्टी की सरकारें बची हैं, जहां आने वाले समय में मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकारें होंगी। उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत हासिल करेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का गठन करेगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी केे नेतृत्व में देश में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं।

मोदी की दूरगामी सोच से साफ होता जा रहा कांग्रेस का सूपड़ा
 उन्होंने कहा कि यह मोदी जी की दूरगामी सोच का परिणाम है कि हर प्रदेश से कांग्रेस का सूपड़ा साफ होता जा रहा है। मोदी जी का जो विकास विजन है, वह आम लोगों के लिए हितकारी साबित हो रहा है, जिससे आमजन मोदी जी की नीतियों में विश्वास कर भाजपा के पक्ष में मतदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का विजय का क्रम आने वाले समय में इसी तरह से जारी रहेगा।

जेल विभाग की रिपोर्ट का हो रहा अध्ययन
मुख्यमंत्री ने न्यायिक हिरासत में चल रहे जिला के पूर्व एस.पी. डी.डब्ल्यू. नेगी से डी.जी.पी. एस.आर. मरडी द्वारा की गई मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि इस संबंध में जेल विभाग की रिपोर्ट सरकार को मिली है, उसका अध्ययन किया जा रहा है, ऐसे में अभी इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है। 

एम्स पर विपक्ष न करे राजनीति
प्रदेश में खुल रहे एम्स के बारे में पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्रीने स्थिति स्पष्टकरते हुए कहा कि विपक्ष इसमें अनावश्यक रूप से तूल दे रहा है। उन्होंने कहा कि एम्स को हम विकास की दृष्टि से देख रहे हैं और विपक्ष इस पर राजनीति करने पर उतरा है। उन्होंने कहा कि एक तो लंबे समय के बाद प्रदेश को एक बहुत ही महत्वपूर्ण संस्थान मिल रहा है और प्रदेश में इसके आने से प्रदेश की जनता को लाभ मिलेगा और प्रदेश में ही लोगों को उच्चतम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी लेकिन विपक्ष इसे अनावश्यक रूप से तूल दे रहा है, जो ठीक नहीं है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News