Chamba: दर्द बढ़ा ताे महिला के लिए 'लेबर रूम' बन गई 108 एंबुलैंस, आधे रास्ते में गूंजी किलकारी; जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित

punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 04:42 PM (IST)

चम्बा (रणवीर): जिला चम्बा में एक बार फिर 108 एंबुलैंस सेवा वरदान साबित हुई है। बुधवार काे जोत क्षेत्र की एक गर्भवती महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही 108 एंबुलैंस में एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। एंबुलैंस कर्मचारियों की सूझबूझ से बीच रास्ते में ही सफल प्रसव करवाया गया। फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें चम्बा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह 108 एंबुलैंस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि जोत क्षेत्र के गांव डुगली में एक गर्भवती महिला प्रसव पीड़ा से तड़प रही है। सूचना मिलते ही 108 एंबुलैंस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और महिला को लेकर चम्बा मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना हुई। पहाड़ी रास्तों से होते हुए जब एंबुलैंस आधे रास्ते में पहुंची, तो गर्भवती महिला की प्रसव पीड़ा अचानक बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एंबुलैंस में तैनात ईएमटी अनूप कुमार और पायलट सुरेश कुमार ने एंबुलैंस को सड़क किनारे रोककर बीच रास्ते में ही प्रसव करवाने का निर्णय लिया।

ईएमटी अनूप कुमार और पायलट सुरेश कुमार ने अपनी सूझबूझ और मेडिकल प्रशिक्षण का उपयोग करते हुए एंबुलेंस के भीतर ही सुरक्षित प्रसव करवाया। महिला ने एक स्वस्थ नवजात को जन्म दिया। एंबुलैंस में किलकारी गूंजते ही परिजनों ने राहत की सांस ली। प्राथमिक उपचार देने के बाद जच्चा और बच्चा दोनों को सुरक्षित चम्बा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।

मेडिकल कॉलेज में जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। उनकी स्थिति सामान्य है और जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। वहीं, 108 एंबुलैंस के स्टाफ ने कहा कि वे मरीजों और गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए हमेशा तत्पर हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News