Himachal: सीएम के प्रधान सलाहकार रामसुभग सिंह को 2 वर्ष का सेवा विस्तार, प्रतिमाह मिलेंगे 150000 रुपए

punjabkesari.in Friday, Sep 27, 2024 - 08:13 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): वर्ष 1987 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार रामसुभग सिंह को राज्य सरकार ने 2 वर्ष का सेवा विस्तार दिया है। उनको सेवा विस्तार का यह लाभ 1 अगस्त 2024 से 2 वर्ष की अवधि के लिए मिलेगा। इस दौरान उनको प्रतिमाह 150000 रुपए मिलेंगे तथा सेवानिवृत्ति के समय मिलने वाले टीए/डीए को लेने के वह हकदार होंगे। उनको सेवानिवृत्ति के समय मिलने वाली मेडिकल सुविधाएं भी मिलती रहेंगी। इसके अलावा उनको सरकारी आवास की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना की तरफ से इस आशय संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई है। इससे पहले 2 बार रामसुभग सिंह को सेवा विस्तार देने का निर्णय लिया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि रामसुभग सिंह के पास प्रदेश व केंद्र सरकार में काम का लंबा अनुभव है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहते हुए वह कई अहम पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। पूर्व भाजपा सरकार के समय उनकी सेवाएं मुख्य सचिव के पद पर भी ली गई थीं, लेकिन बाद में कुछ विवादों के चलते उनको इस पद से हटा दिया गया था।

माना जा रहा है कि वर्तमान प्रदेश सरकार उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव का फायदा उठाना चाहती है, जिस कारण उनकी सेवाएं मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार पद पर ली जा रही हैं। रामसुभग सिंह को ऊर्जा, पर्यटन व कई अन्य क्षेत्रों में काम करने का अनुभव है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News