Chamba: पति की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने उठाया खौफनाक कदम, पति गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 11:15 PM (IST)

चम्बा (काकू चौहान): जिले के भटियात क्षेत्र की काथला पंचायत में पति की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने घर के स्टोर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर मुकद्दमा दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। कमलेश निवासी काथला ने रविवार को रसोईघर के समीप स्टोर में पंखे से प्लास्टिक की रस्सी बांधकर फंदा लगा लिया। उसे फंदे पर लटकता देख परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। वहीं कमलेश के मायका पक्ष को भी घटना की सूचना दी।

सूचना मिनते ही सिहुंता पुलिस चौकी प्रभारी इंस्पैक्टर मनोज कौंडल की अगुवाई में टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसी बीच मायका पक्ष के लोग भी पहुंच गए और मौके पर माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को देखते हुए डीएसपी चुवाड़ी शेर सिंह भी काथला गांव पहुंच गए। उन्होंने घटना को लेकर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। उसके बाद परिजनों व मायका पक्ष वालों की मौजूदगी में शव को फंदे से उतारा गया।

महिला के भाई प्रवीण कुमार निवासी गांव सलेहर डाकघर बोह तहसील द्रीणी जिला कांगड़ा ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा है कि उसकी छोटी बहन कमलेश की शादी 8 वर्ष पहले काथला गांव के राजिंद्र के साथ हुई थी। प्रवीण कुमार ने आरोप लगाया है कि शादी के एक वर्ष बाद ही राजिंद्र ने उसकी बहन के साथ मारपीट शुरू कर दी थी। उसे कई बार समझाया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पति राजिंद्र की इस प्रताड़ना से तंग आकर ही उसकी बहन ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। उन्होंने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

उधर, एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने महिला के भाई की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ बीएनएस की धारा 85 व 108 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। सीएचसी समोट में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस के आग्रह पर नूरपुर से फोरैंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घटना को लेकर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News