Bilaspur: नवोदय में छठी कक्षा के लिए अब 10 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन

punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 03:12 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): जवाहर नवोदय विद्यालय कोठीपुरा में कक्षा छठी में दाखिले का सपना देख रहे विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। नवोदय विद्यालय समिति ने सत्र 2027-28 के लिए होने वाली चयन परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी 10 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे उन अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है, जो किसी कारणवश निर्धारित समय तक अपने बच्चों का आवेदन नहीं करवा पाए थे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 7 अगस्त तय की गई थी। प्रशासनिक कारणों के चलते अब इसे बढ़ाकर 10 अगस्त कर दिया गया है, वहीं जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन कर दिया है और उसमें किसी प्रकार की गलती रह गई है, उन्हें भी सुधार का मौका मिलेगा।

इसके लिए 11 और 12 अगस्त को करैक्शन विंडो खुली रहेगी। छठी कक्षा में प्रवेश के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 28 नवम्बर को आयोजित होगी। इच्छुक अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की वैबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश कटोच ने अभिभावकों से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News