Shimla: कोटखाई में टिक्करी ढांक के पास सड़क हादसा, खाई में समाई ऑल्टो कार...37 वर्षीय युवक की मौत

punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 05:37 PM (IST)

रोहड़ू (बशनाट): शिमला जिले के कोटखाई क्षेत्र में एक सड़क हादसा सामने आया है। यहां हिमरी मार्ग पर टिक्करी ढांक के समीप एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार चालक की मौके पर ही जान चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में मारे गए व्यक्ति की पहचान सतीश लैहिक (37) पुत्र स्वर्गीय बुद्धी राम निवासी गांव कड़ैल, डाकघर हिमरी व तहसील कोटखाई के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना शुक्रवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच हुई। अंधेरा होने और सुनसान जगह होने के कारण रात के समय किसी को इस हादसे का पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह जब कुछ लोगों की नजर सड़क से नीचे गिरी ऑल्टो 800 कार (HP 63A-7645) पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही कोटखाई पुलिस की टीम फौरन मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और चालक सतीश लैहिक कार के अंदर मृत अवस्था में पड़ा था। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटखाई भेज दिया।

हादसे के असल कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है कि कार अनियंत्रित कैसे हुई। कोटखाई पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इस घटना के बाद मृतक के गांव और परिवार में मातम छा गया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News