Shimla: यातायात के लिए खुलेंगी 2 प्रमुख सुरंगें, सड़क कनैक्टीविटी को मिलेगी नई रफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 09:06 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश की 2 प्रमुख सुरंगें आज 11 सितम्बर से यातायात के लिए खोल दी जाएगी। इसमें पंडोह-टकोली खंड के एनएच-03 पर देवड़ और हनोगी सुरंगें प्रमुख हैं। इन सुरंगों के खुलने से कुल्लू-मनाली और आगे लेह-लद्दाख की दूरी कम होने के साथ यातायात भी सुगम होने की उम्मीद है। पहली सुरंग देवड़ की लंबाई 2.8 किलोमीटर और दूसरी हनोगी सुरंग की लंबाई 650 मीटर है। सुरंगों के संचालन से प्रभावित सड़क क्षेत्र को लगभग 6 किलोमीटर से घटाकर 3.5 किलोमीटर किया जा सकेगा। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर इस जानकारी को सांझा करते हुए इसे हिमाचल प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।

पर्यटन सीजन में जाम से मिलेगी राहत
पर्यटन सीजन के दौरान जोगनी माता मंदिर, देवड़ और हनोगी क्षेत्र में भारी यातायात के कारण अक्सर 1 से 2 घंटे या उससे अधिक समय तक जाम की स्थिति बनी रहती है। नई सुरंगों के खुलने से इन क्षेत्रों में यातायात दबाव कम होने और यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

यह कार्य एनएच-21 के एंड ऑफ पंडोह बाईपास-टकोली खंड के 4,465.94 करोड़ रुपए के फोरलेनिंग प्रोजैक्ट का हिस्सा है। करीब 18.908 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर का निर्माण हाइब्रिड एन्युटी मोड के तहत किया जा रहा है।

मंडी से कुल्लू में अब 2 घंटे की बजाय 60 मिनट लगेंगे
सड़क संपर्क बेहतर होने और यातायात सामान्य रहने की स्थिति में मंडी से कुल्लू की यात्रा का समय लगभग 2 घंटे की बजाय 60 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में लोगों के लिए सुरक्षित, तेज और विश्वसनीय सड़क संपर्क विकसित करने की दिशा में कार्य जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News