हिमाचल में बड़ा हादसा, स्कूली बच्चों को ले जा रही फॉर्च्यूनर गाड़ी खाई में गिरी....11 वर्षीय बच्ची की मौत
punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 09:46 AM (IST)
Shimla Road Accident : हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले की चौपाल तहसील के पास एक सरकारी स्कूल के आठ छात्रों को ले जा रही एसयूवी के खाई में गिर जाने से 11 वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि सात अन्य छात्र घायल हो गए। पुलिस ने गुरूवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान 11 वर्षीय साक्षी के रूप में हुई है। वह चौपाल के शांठा गांव की रहने वाली थीं । पुलिस के अनुसार, हादसा गुरूवार शाम करीब 5:30 बजे झड़ी गांव के पास हुआ। एसयूवी (फॉर्च्यूनर) के चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वाहन फिसलकर खाई में जा गिरा।
मामला दर्ज
पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

