ऊना में भयानक हादसा: अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरा श्रद्धालुओं से भरा कैंटर, मची चीख-पुकार

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 02:21 PM (IST)

Una Road Accident: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। यहां धार्मिक स्थलों के दर्शन कर हरियाणा लौट रहे श्रद्धालुओं का कैंटर पीरनिगाह के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 4 की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। हादसे के वक्त वाहन में 10-15 श्रद्धालु सवार थे।

पिहोवा से आए थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, हरियाणा के कुरुक्षेत्र (पिहोवा) स्थित गांधी नगर के श्रद्धालु कैंटर (HR45B-1564) में सवार होकर बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी और पीरनिगाह में माथा टेकने आए थे। बुधवार रात करीब 11 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी पीरनिगाह के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कैंटर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

जांच में जुटी पुलिस

हादसे के बाद घायलों को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया है। अन्य घायलों का उपचार ऊना में ही चल रहा है। हादसे के संबंध में कुरुक्षेत्र निवासी संजय की शिकायत पर ऊना सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कैंटर चालक साहिब सिंह के खिलाफ बीएनएस और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। ऊना के एसपी सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News