Himachal: ऊना में अंतर्राज्यीय नशा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, 4.52 क्विंटल चूरा-पोस्त के साथ पंजाब के 2 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 07:12 PM (IST)

ऊना (सुरेंद्र): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऊना जिला पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय नशा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 क्विंटल 52 किलोग्राम से अधिक डोडा चूरा-पोस्त (भुक्की) की भारी खेप बरामद की है। इस कार्रवाई में पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके वाहन जब्त कर लिए गए हैं। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ के नेतृत्व में हुई इस त्वरित कार्रवाई से नशा माफिया में हड़कंप मच गया है।

मालवाहक गाड़ी से पकड़ा 1.62 क्विंटल नशा
एसपी सचिन हिरेमठ ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को नशा तस्करी को लेकर एक खुफिया सूचना मिली थी। इसी आधार पर 30 जुलाई की देर रात मैहतपुर पुलिस थाना के इंस्पेक्टर अशोक कुमार की टीम ने फतेहपुर गांव के निकट नाकाबंदी की। इस दौरान एक छोटा हाथी (मालवाहक गाड़ी) को जांच के लिए रोका गया। जब गाड़ी की तलाशी ली गई, तो उसमें 8 बोरे संदिग्ध हालत में मिले। जांच करने पर बोरियों में अफीम के पौधों से तैयार डोडा चूरा-पोस्त पाई गई, जिसका कुल वजन 1 क्विंटल 62 किलो 640 ग्राम था।

लमलेहड़ा में ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिली 2.90 क्विंटल भुक्की
पुलिस ने छोटे हाथी में सवार तस्करों से उसी समय प्रारंभिक पूछताछ की और उनके लिंक खंगाले। तस्करों से मिले इनपुट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम रात में ही ऊना विधानसभा क्षेत्र के लमलेहड़ा गांव पहुंच गई। वहां पुलिस ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया, जिसमें साढ़े 14 बोरियां लदी हुई थीं। इन बोरियों में भी डोडा चूरा-पोस्त भरी हुई थी, जिसका वजन 2 क्विंटल 90 किलो पाया गया। दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर पुलिस ने कुल 4 क्विंटल 52 किलो से अधिक चूरा-पोस्त बरामद की है।

आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस ने पंजाब के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान जोगा सिंह निवासी दीनोवाल खुर्द, डाकघर इब्राहिमपुर, गढ़शंकर और क्लीनर हरप्रीत सिंह निवासी गांव पंडोरी, डाकघर कोटमेरा, होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस तलाश रही इन सवालों के जवाब
यह खेप पकड़े जाने के बाद पुलिस अब इस पूरे इंटरस्टेट नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुट गई है। पुलिस की जांच अब इन अहम सवालों पर केंद्रित है कि इतनी भारी मात्रा में यह चूरा-पोस्त कहां से लाई गई थी और ऊना में इसकी डिलीवरी किसे होनी थी? लमलेहड़ा में ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखा नशा किसका था और इसका मुख्य मालिक कौन है? क्या इससे पहले भी ऊना में ऐसी कोई बड़ी खेप पहुंच चुकी है? रिटेल (परचून) में यह नशा किन-किन जगहों पर सप्लाई किया जाना था? पुलिस आरोपियों के बैंक खातों की ट्रांजैक्शन और मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाल रही है, ताकि सप्लाई चेन और बड़े सप्लायर का भंडाफोड़ किया जा सके।

नशा माफिया को जड़ से उखाड़ फैंकेंगे: एसपी
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले की सिलसिलेवार तरीके से गहन जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार के निर्देशों के तहत नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। नशे से जुड़े हर प्रकार के माफिया को पूरी तरह से ध्वस्त किया जाएगा और आरोपियों के फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंकेज खंगाल कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News