Una News: धमाके के साथ फटा HRTC बस का टायर...यात्रियों में मची चीख-पुकार, ड्राइवर ने यूं टाला बड़ा हादसा

punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 04:16 PM (IST)

दौलतपुर चौक (रोहित): हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में सफर एक बार फिर डरावना साबित हुआ। रविवार सुबह दौलतपुर चौक से सवारियों को लेकर जा रही एक एचआरटीसी बस का बीच बाजार में अचानक टायर फट गया। जोरदार धमाके के साथ हुए इस हादसे से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत यह रही कि बस चालक ने अपनी सूझबूझ और फुर्ती दिखाते हुए बस को तुरंत नियंत्रित कर लिया, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 7 बजे यह एचआरटीसी बस दौलतपुर बस अड्डे से तलवाड़ा के लिए रवाना हुई थी। बस को तलवाड़ा होते हुए देहरा के लिए जाना था। बस अड्डे से महज 200 मीटर आगे मुख्य बाजार में ही अचानक बस का एक टायर जोरदार आवाज के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और वे दहशत में आ गए। हालांकि चालक ने समय रहते ब्रेक लगाकर बस को रोक दिया। इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है।

अगर तीखे मोड़ पर फटता टायर तो हो जाता बड़ा अनर्थ
हादसे के बाद प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बहुत बड़ा बचाव रहा कि टायर दौलतपुर के सीधे और मुख्य बाजार में फटा। अगर यही टायर आगे जाकर देहरा मार्ग के तीखे मोड़ों और पहाड़ियों पर फटता तो बस गहरी खाई में गिर सकती थी और कई लोगों की जान जा सकती थी।

लोगों में एचआरटीसी प्रबंधन के खिलाफ भारी रोष
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में एचआरटीसी प्रबंधन के खिलाफ भारी रोष है। राकेश कुमार, सतीश कुमार, विनोद कुमार और रजत सहित अन्य स्थानीय निवासियों ने निगम की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की जान के साथ यह सीधा खिलवाड़ है। लोगों ने मांग की है कि किसी भी बस को रूट पर भेजने से पहले उसके टायर, ब्रेक, स्टेयरिंग और अन्य तकनीकी हिस्सों की बारीकी से जांच होनी चाहिए। उन्होंने निगम प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि पुरानी और खराब बसों की नियमित मैंटेनैंस की जाए और पूरी तरह से फिट होने के बाद ही बसों को सड़क पर उतारा जाए, ताकि लोगों का सफर सुरक्षित रहे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News