Himachal: ऊना में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 8 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों धरा जूनियर इंजीनियर

punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 07:13 PM (IST)

ऊना (सुरेंद्र): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मंगलवार को विजिलेंस टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग के इलैक्ट्रिकल विंग में तैनात जूनियर इंजीनियर को 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जेई सरकारी कार्यालय में बैठकर ठेकेदार के लंबित बिल पास करने की एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक ठेकेदार द्वारा किए गए कार्य के बिल लंबे समय से लोक निर्माण विभाग कार्यालय में लंबित थे। इन बिलों को पास करने के बदले जेई परवेश कुमार लगातार रिश्वत का दबाव बना रहा था। जेई की इस प्रताड़ना से तंग आकर ठेकेदार ने घुटने टेकने के बजाय भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने का फैसला किया और कुछ दिन पहले ऊना स्थित विजिलेंस अधिकारियों से संपर्क कर शिकायत दर्ज करवा दी।

ठेकेदार की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए स्टेट विजिलेंस ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने की रणनीति तैयार की। मंगलवार को विजिलेंस थाना ऊना के डीएसपी फिरोज खान की अगुवाई में एक विशेष टीम ने लोक निर्माण विभाग कार्यालय के आसपास जाल बिछाया। तय योजना के मुताबिक जैसे ही ठेकेदार ने जेई परवेश कुमार को उसके कार्यालय में 8 हजार रुपए की रिश्वत थमाई, वहां पहले से मुस्तैद विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथों धर दबोचा। तलाशी के दौरान जेई के पास से रिश्वत की वह नकदी भी बरामद कर ली गई।

विजिलेंस टीम ने आरोपी जेई को हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है, ताकि विभाग में चल रहे कमीशनखोरी के अन्य तारों को भी खंगाला जा सके। आरोपी के खिलाफ विजिलेंस थाना ऊना में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। ऊना विजिलेंस के डीएसपी फिरोज खान ने मामले की पुष्टि की है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News