विधानसभा में पेश होने वाले बजट पर आज लगेगी मंत्रिमंडल की मोहर
punjabkesari.in Thursday, Mar 03, 2022 - 12:24 AM (IST)
शिमला पहुंचे केंद्रीय मंत्री पह्लाद पटेल, हिमाचल से जुड़े विषयों पर होगी चर्चा
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की तरफ से वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 4 मार्च को विधानसभा में पेश किए जाने वाले बजट पर 3 मार्च को मोहर लगेगी। मंत्रिमंडल बैठक के लिए दोपहर 12 बजे का समय निर्धारित किया गया है लेकिन सदन की कार्यवाही जारी रहने की स्थिति में इसके आयोजन में देर भी हो सकती है। सदन में शुक्रवार को वर्ष 2021-22 का आर्थिक सर्वेक्षण भी आएगा। आर्थिक सर्वेक्षण में हिमाचल प्रदेश की विकास दर की जानकारी मिल सकेगी। यानी कोविड-19 जैसे प्रतिकूल हालात में प्रदेश की विकास दर आगे बढ़ी है या फिर इसका ग्राफ गिरा है, इसकी झलक देखने को मिलेगी। इसके अलावा प्रदेश में बेरोजगार युवाओं का आंकड़ा और प्रति व्यक्ति आय इत्यादि की जानकारी आर्थिक सर्वेक्षण में मिलेगी। मुख्यमंत्री इसके अलावा केंद्रीय जल शक्ति मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल से भी हिमाचल प्रदेश से जुड़े विषयों को लेकर चर्चा करेंगे। केंद्रीय मंत्री पह्लाद पटेल बुधवार को शिमला पहुंच गए। यहां पहुंचने पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, महामंत्री त्रिलोक जमवाल, चेयरमैन गणेश दत्त, डेजी ठाकुर, कार्यालय सचिव प्यार सिंह कंवर, सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा व जिला अध्यक्ष रवि मेहता ने उनका स्वागत किया।
कल बजट पर रहेंगी सबकी निगाहें
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की तरफ से 4 मार्च को विधानसभा में पेश किए जाने वाले बजट पर सबकी निगाहें रहेंगी। यानी कर्मचारी वर्ग से लेकर आम आदमी इस बजट को लेकर इसलिए भी उत्साहित है क्योंकि यह चुनावी वर्ष है। एनपीएस कर्मचारी सरकार की तरफ से बजट में पुरानी पैंशन बहाली के लिए दवाब डाल रहे हैं। हालांकि इससे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को सदन में कहा कि इस विषय को लेकर सरकार ने मुख्य सचिव की अध्यक्षता में कमेटी गठित की है। इसके अलावा आऊटसोर्स कर्मचारी भी नीतिगत निर्णय लेने की मांग कर रहे हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

