रामपुर : ब्रौनी खड्ड में जलस्तर बढ़ने से पुल टूटा, NH-5 पर यातायात बंद

punjabkesari.in Thursday, Jul 20, 2023 - 07:58 PM (IST)

रामपुर बुशहर (नोगल): भारी वर्षा के कारण ब्रौनी खड्ड का जलस्तर बढ़ गया है। खड्ड का एकाएक जलस्तर बढ़ने से राष्ट्रीय उच्चमार्ग-5 पर ब्रौनी खड्ड में बना पुल भी टूट गया। इसके कारण सड़क मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया है, ऐसे में लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। सड़क मार्ग में वाहनों की आवाजाही के बंद होने से रामपुर से सराहन, ज्यूरी, झाखड़ी, जिला किन्नौर के लिए आने व जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। करीब 16 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी सड़क नहीं खुली है। हालांकि यातायात को झाखड़ी-सरपारा मार्ग से बजीर-बावड़ी भेजने की व्यवस्था की गई लेकिन सड़क मार्ग में भारी भूस्खलन होने से वाहन चालकों को अपने जीवन को जोखिम में डालकर ड्राइविंग करनी पड़ रही है। 
PunjabKesari

700 मीटर टूटा सड़क मार्ग  
ब्रौनी खड्ड में भारी मात्रा में जलस्तर बढ़ने से सड़क मार्ग करीब 700 मीटर तक टूट गया। इस दौरान सड़क मार्ग में लगाई गई सुरक्षा दीवार भी ढह गई। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय उच्च मार्ग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंच गए थे। इस सड़क मार्ग को खोलने के लिए लगातार 2 मशीनें मलबा हटाने का प्रयास कर रही हैं। देर रात तक सड़क मार्ग को वाहन के लिए खुलने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके कारण राष्ट्रीय उच्चमार्ग रामपुर मंडल को करीब 2 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। भारी वर्षा से राष्ट्रीय उच्चमार्ग के 132 किलोमीटर सड़क मार्ग में अब तक 9 करोड़ का नुक्सान हो चुका है।  

खडाहण में 3 मंजिला मकान गिरा 
ननखड़ी में भूस्खलन होने से ग्राम पंचायत खडाहण में तीन मंजिला मकान गिर गया है। इससे भवन मालिक को काफी नुक्सान हुआ है। इस मकान में करीब 34 कमरे थे। मकान मालिक का नाम संजीव बताया जा रहा है। ग्राम पंचायत प्रधान रमिला ने बताया कि क्षेत्र में भारी से लगातार भूस्खलन हो रहा है। इससे क्षेत्र के कई भवनों को असुरक्षित घोषित कर दिया गया है। बीते रोज प्रशासन की टीम ने क्षेत्र का दौरा कर मकान को असुरक्षित घोषित करने के बाद परिवार को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया था। इससे पूर्व भी ननखड़ी में 2 मकान गिर चुके हैं। 

सड़क मार्ग को खोलने का कार्य लगातार जारी : उपमंडलाधिकारी 
उधर, उपमंडलाधिकारी रामपुर निशांत तोमर ने बताया कि सड़क मार्ग को खोलने का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि ननखड़ी में मकान के गिरने से करीब 50 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। राष्ट्रीय उच्चमार्ग रामपुर मंडल के सहायक अधिशासी अभियंता कतार शर्मा ने बताया कि ब्रौनी खड्ड में जलस्तर बढ़ने से राष्ट्रीय उच्चमार्ग-5 करीब 700 मीटर तक टूट गया है। उन्होंने बताया कि सड़क मार्ग को खोलने का कार्य जारी है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News