Mandi: दर्दनाक हादसा, खड्ड में गिरने से 2 युवकों की मौत
punjabkesari.in Friday, Apr 25, 2025 - 11:21 PM (IST)

करसोग (धर्मवीर गौतम): मंडी जिला के उपमंडल करसोग के तहत ग्राम पंचायत खड़कन के अंतर्गत द्रष्टि में शुक्रवार को अचानक 2 स्थानीय युवक हादसे का शिकार हो गए। दोनों युवक दोपहर का खाना खाने के बाद घर से काम के लिए निकल गए थे। कुछ ही दूरी पर बिमला खड्ड में उन्हें बेहोशी की हालत में पाया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों युवकों को उपचार के लिए नागरिक चिकित्सालय करसोग लाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोनों युवक मजदूरी का काम करते थे। मृतकों की पहचान भगत राम पुत्र बंगालु राम (43) निवासी गांव द्रष्टि, डाकघर भन्थल करसोग तथा दूसरे युवक की पहचान संजय पुत्र गुलाब सिंह (26) निवासी गांव द्रष्टि, डाकघर भन्थल करसोग के रूप में हुई है। हालांकि अभी तक घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की पुष्टि डीएसपी करसोग गौरव जीत सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।