Sirmaur: अमर शहीद लाला जगत नारायण जी की पुण्यतिथि पर नाहन में रक्तदान शिविर, 55 लोगों ने किया महादान
punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 03:22 PM (IST)
नाहन (आशु): अमर शहीद लाला जगत नारायण जी की 45वीं पुण्यतिथि के अवसर पर सिरमौर जिले के डा. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। पंजाब केसरी पत्र समूह और क्षेत्रीय परिवहन विभाग सिरमौर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में 55 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना अहम योगदान दिया।

आरटीओ सोना चंदेल ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत
मेडिकल कॉलेज नाहन के ब्लड बैंक में आयोजित इस पुनीत कार्यक्रम में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सिरमौर सोना चंदेल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मुख्य अतिथि ने स्वयं रक्तदान कर रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया और उन्हें बैज पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जिससे किसी जरूरतमंद की कीमती जान बचाई जा सकती है। उन्होंने इस आयोजन के लिए पंजाब केसरी और परिवहन विभाग के प्रयासों की सराहना की।
रक्तदान के साथ सड़क सुरक्षा का भी दिया संदेश
इस रक्तदान शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि यह आयोजन दोहरे उद्देश्य को लेकर किया गया था। शिविर में पहुंचे युवाओं और रक्तदाताओं को केवल रक्तदान के प्रति ही प्रेरित नहीं किया गया, बल्कि क्षेत्रीय परिवहन विभाग के सहयोग से उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जैसे यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हैल्मेट पहनने और गाड़ी चलाते समय सीट बैल्ट का प्रयोग करने बारे विस्तार से जागरूक किया गया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाले जानमाल के नुक्सान को कम किया जा सके। जिला ब्लड बैंक अधिकारी डॉ. निशी जसवाल के नेतृत्व में मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक स्टाफ ने रक्त एकत्रित करने में अहम भूमिका निभाई।

3 शिविरों में 197 यूनिट रक्त जुटाया
बता दें कि पंजाब केसरी पत्र समूह द्वारा लगाए गए तीन शिविरों में सिरमौर से 197 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ है। इससे पहले 23 अगस्त को बिरला में 81 यूनिट, धौलाकुआं स्थित कृषि विज्ञान केंद्र सिरमौर में 2 सितम्बर को दूसरे शिविर में 61 और आज तीसरे शिविर में नाहन में 55 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

