Sirmaur: 'वाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा का रूट बदला तो...', SDM नाहन को व्हाट्सएप कॉल पर मिली वॉर्निंग, FIR दर्ज

punjabkesari.in Sunday, Oct 25, 2026 - 05:54 PM (IST)

नाहन (आशु): हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में वाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा के रूट को लेकर उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) नाहन को व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से कथित तौर पर डराने-धमकाने का मामला सामने आया है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसडीएम नाहन ने 24 अक्तूबर को पुलिस थाना नाहन में इस संबंध में आधिकारिक शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया है कि 24 अक्तूबर की रात लगभग 8 बजकर 37 मिनट पर अधिकारी के मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि 25 अक्तूबर को नाहन शहर में निकलने वाली वाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा का निर्धारित रूट बदला गया, तो इसके परिणाम ठीक नहीं होंगे।

एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी को इस तरह की कॉल आने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया है। पुलिस ने एसडीएम की शिकायत के आधार पर नाहन थाने में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 351(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस की साइबर और तकनीकी टीम अब कॉल डिटेल्स और आईपी एड्रेस का विश्लेषण कर रही है, ताकि व्हाट्सएप कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति की सही लोकेशन और पहचान का पता लगाया जा सके। जांच प्रभावित न हो, इसके लिए फिलहाल उस मोबाइल नंबर को सार्वजनिक नहीं किया गया है।

इस प्रकरण के बाद शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरती है। पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अधिकारी की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सरकारी अधिकारी को डराने का प्रयास करने या शहर की शांति व्यवस्था भंग करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। 

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News