केंद्रीय नेताओं की मौजूदगी में BJP आज चुनेगी नेता प्रतिपक्ष, सत्ती के नाम पर लग सकती है मुहर

punjabkesari.in Saturday, Dec 24, 2022 - 11:57 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश भाजपा रविवार को केंद्रीय नेताओं की मौजूदगी में नेता प्रतिपक्ष का चयन करेगी। नेता प्रतिपक्ष के पद पर पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक सतपाल सिंह सत्ती के नाम पर मुहर लगने की संभावना है। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार के विकल्प पर भी चर्चा होने की संभावना है। भाजपा के तेजतर्रार नेता सत्ती के नाम पर मुहर लगने की इसलिए भी अधिक संभावना है, क्योंकि उनका संबंध निचले हिमाचल से है, जहां से कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को चुना गया है। नेता प्रतिपक्ष की चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना और पूर्व प्रदेश भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय देर शाम शिमला पहुंच गए जबकि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, क्षेत्रीय प्रभारी सौदान सिंह और प्रदेश भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन के रविवार सुबह पहुंचने की संभावना है। 

नेता प्रतिपक्ष के चयन से पहले सुना जाएगा मोदी के मन की बात कार्यक्रम 
भाजपा नेता प्रतिपक्ष का चयन करने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनेगी। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष का चयन होगा और फिर भाजपा प्रदेश में पूर्व सरकार के समय खोले गए 400 से अधिक संस्थानों को डिनोटिफाई करने के विरोध में राजभवन पहुंचकर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को ज्ञापन सौंपेगी। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी मौजूद रहेंगे। भाजपा 25 दिसम्बर के दिन को सुशासन दिवस के रूप में भी मनाएगी।

सरकार के खिलाफ पूरे प्रदेश में विरोध करेगी भाजपा : सत्ती
हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि पार्टी पूरे प्रदेश में सरकार की तरफ से 400 से अधिक संस्थानों को डिनोटिफाई करने के विरोध में प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि कोई भी सरकार अच्छे कार्य से अपनी शुरूआत करती है, जबकि वर्तमान सरकार जनविरोधी निर्णयों से अपने कार्यकाल को आरंभ कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक मंत्रिमंडल का गठन तो हो नहीं पाया है, इसके विपरीत कार्यालयों को बंद करने की मुहिम शुरू हो चुकी है। 

हार के कारणों की भी होगी समीक्षा
शिमला में रविवार को होने जा रही भाजपा विधायक दल की बैठक में हार के कारणों पर भी चर्चा होगी। हालांकि हार के कारणों को लेकर पार्टी स्तर पर अलग से समीक्षा बैठक में विस्तृत चर्चा होगी।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News