Shimla: फिजियोथैरेपी उपकरण दिलाने के नाम पर लोगों को लगाया लाखों का चूना, केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 03:37 PM (IST)
रोहड़ू (बशनाट): शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल में लोगों की सेहत सुधारने का दावा कर लाखों रुपए ठगने का मामला सामने आया है। यहां फिजियोथैरेपी उपकरण और थर्मल मैट दिलाने के नाम पर शातिर ने भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाया। पीड़ितों की शिकायत के बाद रोहड़ू पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
ठगी का शिकार हुए बहादुर सिंह नेगी समेत 7 अन्य लोगों ने पुलिस में सामूहिक शिकायत दर्ज करवाते हुए आरोप लगाया है कि रोहड़ू के राणा निवास में सेहगल हैल्थ केयर के नाम से काम करने वाले सतविंदर सती नामक व्यक्ति ने उन्हें सेरेजेम ब्रांड के फिजियोथैरेपी उपकरण और थर्मल मैट खरीदने के लिए प्रेरित किया। आरोपी ने अपनी बातों के जाल में फंसाकर और बेहतर स्वास्थ्य का हवाला देकर इन लोगों से बुकिंग के नाम पर लाखों रुपए ऐंठ लिए। पीड़ितों ने विश्वास करके अलग-अलग माध्यमों से उसे भारी रकम सौंप दी।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पैसे लेने के बाद आरोपी काफी समय तक टालमटोल करता रहा और सामान जल्द आने का झूठा आश्वासन देता रहा। लंबा समय बीत जाने के बाद भी जब न तो फिजियोथैरेपी मशीनें मिलीं और न ही थर्मल मैट, तो लोगों को ठगी का एहसास हुआ। पैसे वापस मांगने पर भी उन्हें केवल निराशा हाथ लगी। आखिरकार तंग आकर पीड़ितों ने पुलिस की शरण ली।
मामले की पुष्टि करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना रोहड़ू में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 314 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है।

