सुरेश कश्यप का दावा-भाजपा का 22 नगर निकायों पर कब्जा, कांग्रेस 6 पर सिमटी

punjabkesari.in Tuesday, Jan 19, 2021 - 08:13 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने दावा किया है कि भाजपा ने 22 नगर निकायों पर अपना कब्जा कर लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर अपने ही घर नारकंडा में नगर पंचायत नहीं बना पाए हैं। इस तरह भाजपा ने अब तक 10 नगर पंचायतों एवं 12 नगर परिषदों का गठन कर लिया है। उन्होंने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में दावा किया कि जिला कांगड़ा में नगर परिषद देहरा, नगर परिषद नूरपुर, नगर परिषद नगरोटा बगवां और नगर पंचायत शाहपुर पर भाजपा ने अपना परचम लहरा दिया है।

इसी प्रकार जिला कुल्लू में नगर परिषद मनाली, नगर पंचायत भुंतर एवं नगर पंचायत बंजार, नगर परिषद चम्बा, नगर परिषद हमीरपुर एवं नगर पंचायत भोटा, जिला मंडी में नगर परिषद सुंदरनगर, जिला सोलन में नगर परिषद बद्दी, नगर परिषद नालागढ़, जिला शिमला में नगर पंचायत नारकंडा, नगर पंचायत जुब्बल, नगर परिषद बिलासपुर, नगर पंचायत शाहतलाई, जिला ऊना में नगर परिषद संतोषगढ़, नगर पंचायत दौलतपुर, नगर पंचायत गगरेट, जिला सिरमौर में नगर परिषद नाहन और नगर पंचायत राजगढ़ में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने विजय प्राप्त की है।

कांग्रेस अध्यक्ष से पूछा-कहां गए दावे

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से पूछा कि अब उनके दावे कहां गए, जिसमें वह 75 फीसदी स्थानीय निकायों में जीत का दावा करते फिर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी राज्य में अपने वर्चस्व की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि इससे साफ संकेत है कि वर्ष 2022 में फिर से भाजपा प्रदेश की सत्ता पर काबिज होगी।

अटैची लेकर घूम रहे सुरेश भारद्वाज : राठौर

उधर, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने आरोप लगाया कि शहरी विकास एवं आवास मंत्री सुरेश भारद्वाज इन दिनों अटैची लेकर घूम रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नारकंडा, बिलासपुर, नालागढ़ और बद्दी में भाजपा ने कांग्रेस पृष्ठभूमि के लोगों को प्रलोभन देकर अध्यक्ष बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरेश भारद्वाज थोक के व्यापारी की तरह घूम रहे हैं जो शर्मनाक है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों को डराया-धमकाया जा रहा है तथा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News