Himachal: CM सुक्खू पर BJP MLA सुधीर शर्मा की पोस्ट से मचा सियासी घमासान, कांग्रेस ने किया पलटवार

punjabkesari.in Thursday, Oct 23, 2025 - 06:09 PM (IST)

शिमला (राक्टा): धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर की गई एक सोशल मीडिया पोस्ट ने प्रदेश की राजनीति में उबाल ला दिया है। इस पोस्ट को लेकर कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाते हुए विधायक पर तीखा हमला बोला है और इसे उनकी हताशा का प्रतीक बताया है। मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने विधायक सुधीर शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि विधायक की यह पोस्ट उनकी राजनीतिक हताशा को दर्शाती है और वह केवल चर्चा में बने रहने के लिए मुख्यमंत्री के खिलाफ तथ्यहीन बयानबाजी कर रहे हैं। चौहान ने हिमाचल की राजनीतिक परंपरा की याद दिलाते हुए कहा कि हिमाचल की राजनीति में हमेशा भाषा की गरिमा रही है। मुख्यमंत्री का पद एक सम्मानजनक पद है और किसी को भी इसकी गरिमा को ठेस नहीं पहुंचानी चाहिए।

...ओछी हरकतों से मुख्यमंत्री का कद छोटा नहीं होने वाला
नरेश चौहान ने विपक्ष को चेतावनी देते हुए कहा कि सुधीर शर्मा और विपक्ष के अन्य नेता यह समझ लें कि उनकी ओछी हरकतों से मुख्यमंत्री का कद छोटा नहीं होने वाला है। उन्होंने विधायक को सलाह दी कि वे इस तरह की बयानबाजी करने के बजाय अपने क्षेत्र की जनता की समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएं, ताकि उनका समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि आलोचना हमेशा तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए।

आपसी भाईचारे को नुक्सान पहुंचाने वाला कदम 
इस मामले पर कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी विधायक सुधीर शर्मा की आलोचना की है। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव बलदेव ठाकुर और राजेश ने भी इस पोस्ट की कड़ी निंदा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश की जनता इस तरह की नकारात्मक राजनीति को पसंद नहीं करती और यह आपसी भाईचारे को नुक्सान पहुंचाने वाला कदम है।

घबराएं नहीं पैंशनर्ज, पूर्व सरकार छोड़ गई देनदारियां
नरेश चौहान ने एक सवाल के जवाब में कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू कर्मचारियों और पैंशनर्ज के हितों को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे प्रदेश की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है, वैसे-वैसे कर्मचारियों और पैंशनर्ज को उनके देय वित्तीय लाभ दिए जा रहे हैं। आरोप लगाया कि प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार कर्मचारियों और पैंशनर्ज की 12,000 करोड़ रुपए की देनदारियां छोड़ गई, जिसे वर्तमान सरकार दे रही है। उन्होंने कहा कि पैंशनर्ज घबराएं नहीं, उन्हें उनके देय लाभ प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के प्रयासों से प्रदेश की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है।

हाईकमान ले चुका सभी की राय
एक सवाल के जवाब में नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस का पुनर्गठन इस माह के अंत तक या नवम्बर के पहले सप्ताह में हो जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन के गठन पर पार्टी हाईकमान ही अंतिम निर्णय लेता है। इसके तहत हाईकमान मुख्यमंत्री सहित अन्य सभी नेताओं की राय ले चुका है। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी की घोषणा होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News