Himachal: भाजपा नेता रणधीर शर्मा ने सुक्खू सरकार पर साधा निशाना, बोले-''प्रदेश में कानून नहीं, राजनीतिक दबंगों का राज''

punjabkesari.in Sunday, Jan 18, 2026 - 05:47 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं नयनादेवी से विधायक रणधीर शर्मा ने मनाली विधानसभा क्षेत्र में राजस्व विभाग की टीम पर हुए हमले को लेकर सुक्खू सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह से नियंत्रण से बाहर हो चुका है और अब यहां कानून का नहीं, बल्कि राजनीतिक दबंगों का राज चल रहा है।

राजस्व अधिकारियों पर हमला सीधेतौर पर कानून के शासन को चुनौती
शिमला से जारी एक बयान में रणधीर शर्मा ने मनाली की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि राउगी पंचायत में सरकारी आदेशों के तहत जमीन की निशानदेही करने गए राजस्व अधिकारियों पर हमला सीधेतौर पर कानून के शासन को चुनौती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीडीसी नग्गर के अध्यक्ष ने अपने राजनीतिक रसूख का दुरुपयोग करते हुए पहले राजस्व कर्मचारियों को धमकाया और फिर कानूनगो व पटवारी के साथ मारपीट की। इस हमले में पटवारी भोप सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं और ढालपुर अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें जान से मारने की धमकियां तक दी गईं।

गृहमंत्री स्वयं मुख्यमंत्री, फिर भी कानून व्यवस्था लाचार
रणधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के गृहमंत्री स्वयं मुख्यमंत्री हैं, इसके बावजूद कानून व्यवस्था की यह दुर्दशा चिंतनीय है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार अपने ही चुने हुए प्रतिनिधियों पर कानून लागू करने का साहस रखती है या फिर सत्ता के संरक्षण में ऐसी गुंडागर्दी को खुली छूट दी जा रही है? भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अपराध, हिंसा, अवैध कब्जे और अधिकारियों पर हमले लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे साफ है कि सरकार का प्रशासन पर से नियंत्रण खत्म हो चुका है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

सरकार को अल्टीमेटम, कार्रवाई करें या आंदोलन झेलें
रणधीर शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकारी ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों पर हमला करने वाले दोषियों के खिलाफ कांग्रेस सरकार ने कठोर कार्रवाई नहीं की तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस अराजकता और गुंडागर्दी के खिलाफ पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता यह पूछ रही है कि क्या हिमाचल में कानून का राज बचेगा या कांग्रेस की सत्ता में गुंडागर्दी ही चलेगी?


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News