नगर निगम चुनाव : सैमीफाइनल मुकाबले में भाजपा को धर्मशाला में संजीवनी, 8 सीटें जीतीं

punjabkesari.in Thursday, Apr 08, 2021 - 12:23 AM (IST)

धर्मशाला (तनुज): हिमाचल विधानसभा के 2022 में होने वाले चुनावों से पहले धर्मशाला की अहम नगर निगम में सत्तासीन पार्टी को संजीवनी मिली है। बुधवार को हुए नगर निगम चुनाव में भाजपा को 8 सीटें जबकि कांग्रेस को 5 व 4 निर्दलीय उम्मीदवार जीतें हैं। तीसरे विकल्प के तौर पर नगर निगम चुनाव में उतरे आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों को निराशा हाथ लगी। भाजपा व कांग्रेस से ही नाराज होकर चुनाव में निर्दलीय उतरे प्रत्याशी वोट खींचने में कामयाब रहे। इसमें पिछले चुनावों में कांग्रेस समर्थित पार्षद रही निगम के वार्ड नंबर-9 से सुषमा, 12 से स्वर्णा ने अपनी जीत दर्ज करवाई। वहीं भाजपा के निवर्तमान प्रत्याशी निगम के 16 नंबर वार्ड के सर्व चंद भी दोबारा आजाद तौर पर चुनाव जीतने में कामयाब रहे। इसके अलावा वार्ड नंबर-17 से आजाद उम्मीदवार डिंपल ने भी पहली बार में ही राजनीतिक पार्टियों को चुनौती दे दी है।

विधायक के घर में आजाद उम्मीदवार

नगर निगम धर्मशाला के चुनाव में स्थानीय विधायक को अपने ही घर में चुनौती मिल गई है। बुधवार को नगर निगम धर्मशाला के चुनाव में आए निर्णय के बाद विधायक विशाल नैहरिया के वार्ड नंबर-17 में ही भाजपा का प्रत्याशी जीत दर्ज नहीं करवा पाया। इस वार्ड में आजाद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रही महिला प्रत्याशी डिंपल ने अपनी जीत दर्ज करवाई है, ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले के सैमीफाइनल में विधायक के अपने ही वार्ड में पकड़ को लेकर चर्चाएं अब गर्म हो गई हैं।

नगर निगम के दिग्गजों ने दूसरे वार्ड में भी मनवाया लोहा

धर्मशाला नगर निगम के दिग्गजों ने इस बार अपने वार्ड रिजर्व होने के बावजूद भी अपनी पकड़ का लोहा मनवाया। निवर्तमान मेयर व डिप्टी मेयर ने दूसरे वार्ड से चुनाव लडऩे के बाद भी अपनी जीत दर्ज करवाई। वहीं नगर निगम बनने के बाद पहली बार महापौर बनी रजनी ब्यास ने भी अपनी जीत दर्ज करवाई। 

नगर निगम धर्मशाला के 17 वार्डों में ये जीते

 वार्ड  भाजपा   कांग्रेस  निर्दलीय
 वार्ड नंबर-1  रेखा देवी     
 वार्ड नंबर-2   मोनिका पठानिया    
 वार्ड नंबर-3  औंकार नैहरिया    
 वार्ड नंबर-4     नीनू शर्मा  
 वार्ड नंबर-5   राजकुमारी    
 वार्ड नंबर-6  तेजिंदर कौर     
 वार्ड नंबर-7  संतोष शर्मा    
 वार्ड नंबर-8  अनुज धीमान    
 वार्ड नंबर-9      सुषमा
 वार्ड नंबर-10    अनुराग कुमार  
 वार्ड नंबर-11     देवेंद्र जग्गी  
 वार्ड नंबर-12    सविता कार्की  स्वर्णा
 वार्ड नंबर-13      
 वार्ड नंबर-14  किरण    
 वार्ड नंबर-15     रजनी व्यास  
 वार्ड नंबर-16       सर्व चंद
 वार्ड नंबर-17       डिम्पल

 पालमपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा को झटका

उधर, पालमपुर नगर निगम के चुनाव में भाजपा को भारी झटका लगा है। पालमपुर नगर निगम के कुल 15 वार्डों से भाजपा को मात्र 2 सीटों से ही संतोष करना पड़ा है जबकि कांग्रेस ने 11 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसके अलावा 2 निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी जीत हासिल की है। पालमपुर नगर निगम चुनावों में भाजपा को गलत टिकट आबंटन महंगा पड़ा है। टिकट आबंटन के बाद ही ऐसा संदेश चला गया था कि इस गलत टिकट आबंटन के चलते अब कांग्रेसी की राह आसान हो गई है, ऐसे में भारतीय जनता पार्टी के 4 बागी प्रत्याशियों ने पार्टी को नुक्सान पहुंचाया। इस विकट स्थिति में आजाद प्रत्याशियों को चुनावी रण से हटाने में भाजपा नेता सफल नहीं हो पाए। भाजपा के नेताओं ने चुनाव जीतने के लिए पूरी कोशिश की लेकिन मुद्दों के आगे विपक्ष बाजी मार गया। चुनावों से पहले भाजपा और कांग्रेस के कड़े मुकाबले की बात कही जा रही थी लेकिन लोगों में एक तरफा निर्णय देकर भाजपा को चित्त कर दिया, सत्ता में काबिज भाजपा की यह बहुत बड़ी हार मानी जा रही है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News