भाजपा ने मंडी व अर्की के टिकट किए फाइनल, जुब्बल-कोटखाई और फतेहपुर में फंसा पेंच

punjabkesari.in Wednesday, Oct 06, 2021 - 11:18 PM (IST)

शिमला (देवेंद्र): भारतीय जनता पार्टी बुधवार को भी अपने चारों प्रत्याशियों के नामों का ऐलान नहीं कर पाई है। सूत्रों की माने तो मंडी संसदीय क्षेत्र और अर्की विधानसभा सीट पर प्रत्याशियों के नाम लगभग तय हैं, लेकिन जुब्बल-कोटखाई और फतेहपुर विधानसभा में पेंच फंस गया है। जुब्बल-कोटखाई में परिवारवाद की राजनीति का तर्क देते हुए पूर्व विधायक नरेंद्र बरागटा के बेटे चेतन बरागटा की जगह नीलम सरैक को टिकट देने की अटकलें चल रही हैं, लेकिन अभी इसका औपचारिक ऐलान होना बाकी है।

फतेहपुर में भाजपा के टिकट पर पेंच फंस गया है। यहां जगदेव ठाकुर, बलदेव ठाकुर और कृपाल परमार में से किसी एक को टिकट देने की अटकलें थीं। देर शाम तक यह खबरें आ रही थीं कि जगदेव ठाकुर को टिकट दिया जा रहा है, लेकिन इसमें भी अभी पेंच बताया जा रहा है। वहीं मंडी संसदीय क्षेत्र से ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर का नाम सबसे आगे चल रहा है और भाजपा के टिकट पर इनका चुनाव लडऩा भी तय माना जा रहा है। सोशल मीडिया में कई भाजपा नेताओं ने भी इन्हेंटिकट मिलने को लेकर अग्रिम बधाई दे दी है।

उधर, अर्की में 6 बार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को 2017 के विधानसभा चुनाव में कड़ी चुनौती देने वाले रत्नपाल को टिकट मिल सकता है। अर्की से पूर्व विधायक गोविंद राम की चेतावनी के बावजूद रत्नपाल टिकट की दौड़ में आगे चल रहे हैं। सूचना यहां तक है कि अर्की में रत्नपाल के आज होने वाले नामांकन की तैयारियां पूरी कर ली गई है।

जुब्बल-कोटखाई के टिकट से हर कोई हैरान

जुब्बल-कोटखाई टिकट को लेकर सभी हैरान हैं। प्रदेश में 4 सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। इन चारों सीटों पर जुब्बल-कोटखाई का टिकट बीते 2 महीने से तय माना जा रहा था। राज्य के शीर्ष नेताओं के इशारे पर दिवंगत विधायक नरेंद्र बरागटा के बेटे चेतन बरागटा लंबे समय से डोर-टू-डोर जाकर वोट मांग रहे थे। यही नहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र की जनसभाओं में भी चेतन बरागटा के ही प्रत्याशी होने के संकेत दिए गए थे। चेतन के कहने पर राज्य सरकार ने क्षेत्र की कई मांगों को पूरा किया है। हैरानी इस बात की है कि भाजपा एक बार उपचुनाव में दिवंगत आई.डी. धीमान के बेटे अनिल धीमान को टिकट दे चुकी है और चेतन बरागटा के मामले में सिद्धांत का तर्क दिया जा रहा है।

मंडी और अर्की में भाजपा आज भरेगी नामांकन

भारतीय जनता पार्टी के मंडी और अर्की सीट पर अधिकृत प्रत्याशी वीरवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे जबकि जुब्बल-कोटखाई और फतेहपुर में मतदान के आखिरी दिन यानी शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी नामांकन भरेंगे। मंडी में बिग्रेडियर खुशहाल ठाकुर के नामांकन के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के भी वीरवार सुबह मंडी जाने की सूचना है, जबकि खुशहाल ठाकुर को बुधवार शाम को ही नगवाई से मंडी बुला लिया गया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News