मिशन-2019 को एक्टिव हुई BJP, सत्ती ने पदाधिकारियों को पढ़ाया एकता का पाठ

punjabkesari.in Tuesday, Jul 10, 2018 - 03:13 PM (IST)

ऊना (अमित): मिशन-2019 लोकसभा चुनावों का भाजपा ने प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक की बैठकों के जरिये शंखनाद कर दिया है। इसी कड़ी में भाजपा की एक बैठक सर्किट हाऊस में आयोजित की गई। बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए जबकि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा और प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हरिओम भनोट बैठक में विशेष रूप से उपस्थित हुए। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बलबीर बग्गा ने की। वहीं बैठक में जिला भाजपा के पदाधिकारियों के अलावा सभी मोर्चों-प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष भी शामिल रहे।


पदाधिकारियों को पढ़ाया एकता का पाठ
बैठक में सत्ती ने पदाधिकारियों को एकता का पाठ पढ़ाया, वहीं आगामी लोकसभा चुनावों के लिए सभी से तैयारी शुरू करने के टिप्स दिए। बैठक के दौरान उन्होंने पदाधिकारियों से मोदी और जयराम सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनावों में विकास के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और पार्टी के कार्यकर्ता विशेष अभियान शुरू कर जनता को केंद्र और प्रदेश सरकार की जनहितैषी नीतियों को बताएंगे। उन्होंने प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत का दावा भी किया।


कांग्रेस की लड़ाई पर ली चुटकी
वहीं कांग्रेस की प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर तक खुलकर सामने आई लड़ाई पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग सत्ता को ऐश परस्ती का अड्डा मानते हैं, इसलिए ये आपस में लड़ते रहते हैं। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में आती है तो सभी एकजुट होकर लूट मचाते हैं और जब विपक्ष में आते हैं तो जनता के मुद्दे न उठाकर अपने-अपने वर्चस्व की लड़ाई लड़ते हैं। इनकी कलह के कारण राजनीति की साख जनता की नजरों में गिरती जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News