भाजपा के जुमलों को जनता भलीभांति समझ चुकी : प्रतिभा

punjabkesari.in Monday, Apr 15, 2024 - 05:53 PM (IST)

शिमला (राक्टा): देश व प्रदेश की जनता भाजपा के चुनावी जुमलों को भलीभांति समझ चुकी है। भाजपा जो वायदा करती है, उसे सत्ता में आने के बाद धरातल पर उतारने के प्रयास तक नहीं करती है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने सोमवार को शिमला में मीडिया द्वारा भाजपा के घोषणा पत्र को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा कि पहले भी जनता भाजपा के कई घोषणाओं और वायदों को सुन चुकी है। बीते चुनाव में भाजपा ने युवाओं को रोजगार देने की बात कही, महंगाई को कम करने की बात कही, भ्रष्टाचार को खत्म करने की बात कही, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। आलम यह है कि रोजगार के अवसर न मिलने से युवा हताश हैं। बढ़ती महंगाई भाजपा राज में सारे रिकार्ड तोड़ चुकी है। उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस का प्रयास है कि लोकसभा के साथ ही विधानसभा उपचुनाव में सबसे बेहतर उम्मीदवार को मैदान में उतारें ताकि जीत सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश खासकर मंडी हलके के लोगों का प्यार व समर्थन हमेशा मिलता रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह इस सीट से 4 बार सांसद रहे। इसी तरह 3 बार उन पर भी यहां की जनता ने विश्वास जताया है। विपरीत परिस्थितियों में भी मंडी सीट को जीता है। इस बार पार्टी ने फैसला किया कि इस सीट से नौजवान चेहरे काे उतारा जाए, ऐसे में मंत्री विक्रमादित्य सिंह को चुनाव में उतारने का निर्णय लिया गया है। पूरा विश्वास है कि जिस तरह से मंडी संसदीय क्षेत्र के लोगों का सदा साथ, प्यार और समर्थन मिला है, वह इस चुनाव में भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनभावनाओं को देखते हुए काम करेगी।

यह तो जनता तय करेगी
भाजपा के एक देश एक चुनाव के वायदे को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि यह तो देश की जनता को देखना है कि पूरे देश में एक चुनाव को वह चाहती है या नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल झूठे सपने दिखाने और प्रलोभन देन का काम करती है। ऐसे में इस बार के चुनाव में जनता भाजपा को जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News