Bilaspur News: भगवान के घर सेंधमारी करने वालों पर शिकंजा, पुलिस ने दबोचे 2 शातिर...एक निकला नाबालिग

punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 03:43 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर शहर में स्थित शिव चामुंडा माता मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। सदर थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य नाबालिग आरोपी को भी ट्रेस किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर मंदिर से चोरी किया गया तांबे का नाग भी रिकवर कर लिया है।

जानकारी के अनुसार बिलासपुर शहर के अपर निहाल सेक्टर स्थित शिव चामुंडा माता मंदिर में गत 11 अगस्त को चोरी की यह घटना हुई थी। इस दौरान दो लोगों को मंदिर से तांबे का नाग चुराते हुए देखा गया था। मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद पुलिस थाना सदर में अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया था और पुलिस ने तुरंत चोरों की तलाश शुरू कर दी थी।

थाना सदर पुलिस की टीम ने मामले की गहन तफ्तीश करते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच की। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर अंततः उन्हें ट्रेस कर लिया। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि चोरी की इस वारदात में शामिल 2 आरोपियों में से एक नाबालिग है। नाबालिग आरोपी के संबंध में पुलिस ने जुवेनाइल नियमों के अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई है।

वहीं, चोरी के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस आरोपी की पहचान 21 वर्षीय ऋषभ शर्मा के रूप में हुई है, जो गांव चमलोग, डाकघर देवली, तहसील सदर व जिला बिलासपुर का निवासी है। पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर की गई पूछताछ के दौरान आरोपी ऋषभ ने अपना जुर्म कबूला। इसके बाद पुलिस ने उसी की निशानदेही पर मंदिर से चोरी किया गया तांबे का नाग सुरक्षित बरामद कर लिया।

बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने मंदिर में हुई चोरी के इस खुलासे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि तांबे का नाग चुराने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और चोरी हुआ सामान भी रिकवर हो चुका है। पुलिस अब इस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपियों का किसी अन्य आपराधिक घटना में कोई संलिप्तता तो नहीं है। मामले में आगामी कानूनी प्रक्रिया जारी है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News