Bilaspur: अदालत में पेश करने के बाद चिट्टा आरोपियों को मिला 3 दिन का पुलिस रिमांड
punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 04:15 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के बाद चिट्टा बरामदगी के 2 अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार 4 आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सभी आरोपियों को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि वे चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। पुलिस मादक पदार्थ के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय सप्लाई नैटवर्क की कड़ियों को खंगालने का प्रयास करेगी।
बता दें कि पुलिस थाना सदर बिलासपुर की टीम ने ढलियार फोरलेन पर संदिग्ध कार की तलाशी के दौरान 11.38 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। वहीं दूसरे मामले में स्पैशल डिटैक्शन टीम ने पट्टा फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार 2 युवकों से 8.16 ग्राम चिट्टा और 1 लाख रुपए नकद बरामद किए थे। दोनों मामलों में 4 युवकों को गिरफ्तार किया गया था। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस चिट्टे के मुख्य सप्लायर का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

