नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने रूकवाई कार, तलाशी में मिली ऐसी चीज, सीधे जेल पहुंच गए 3 युवक
punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 12:42 PM (IST)
Bilaspur News : हिमाचल प्रदेश में नशे के सौदागरों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंडी भराड़ी के समीप पुलिस द्वारा की गई नाकाबंदी के दौरान एक कार से 13.30 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है। इस मामले में पुलिस ने दो बिलासपुर निवासी और एक पंजाब के युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
नाकाबंदी के दौरान धरे गए आरोपी
जानकारी के अनुसार, सदर थाना की पुलिस टीम ने मंडी भराड़ी के पास वाहनों की नियमित जांच के लिए नाका लगाया था। इसी दौरान एक कार (संख्या HP 91-6134) को तलाशी के लिए रोका गया। कार में सवार तीन युवकों की संदिग्ध हरकतों को देखते हुए जब पुलिस ने उनकी गहन तलाशी ली, तो उनके कब्जे से 13.30 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने कार सवार तीन व्यक्तियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुर प्रकाश सिंह, पुत्र बलदेव और विशाल चौधरी (24 वर्ष), पुत्र ज्ञान चंद निवासी गांव व डाकघर बहल (बिलासपुर) एवं पीतांबर (27 वर्ष), पुत्र राम पाल, निवासी शमलाह, तहसील आनंदपुर साहिब (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक का बयान
पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा, "नशे के खिलाफ पुलिस का 'जीरो टॉलरेंस' अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हम मुख्य सप्लायर तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।"
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

