Himachal: नशा माफिया की जड़ों तक पहुंची बिलासपुर पुलिस, पंजाब से 32.75 ग्राम चिट्टे सहित दबोचा मुख्य सप्लायर

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 02:59 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): बिलासपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को अब एक नए और आक्रामक स्तर पर पहुंचा दिया है। पुलिस अब केवल स्थानीय तस्करों (पैडलर्स) तक सीमित नहीं है, बल्कि बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर पूरे अंतर्राज्यीय सप्लाई नैटवर्क को ध्वस्त करने में जुट गई है। इसी रणनीति के तहत पुलिस ने पंजाब के खरड़ में दबिश देकर एक मुख्य सप्लायर को 32.75 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।

16 जुलाई के मामले से जुड़े तार, तकनीकी साक्ष्यों ने दिखाया रास्ता
जानकारी के अनुसार पुलिस की यह बड़ी कार्रवाई स्वारघाट थाना में दर्ज चिट्टा तस्करी के एक मामले से जुड़ी है। बीते 16 जुलाई को पुलिस ने स्वारघाट क्षेत्र में यातायात चैकिंग के दौरान बिलासपुर जिले के सुराहड़ निवासी सुमन कुमार को 7.32 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया था। जब पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की और डिजिटल साक्ष्यों व तकनीकी विश्लेषण का सहारा लिया, तो इस नशे की खेप के तार पंजाब के खरड़ क्षेत्र से जुड़े पाए गए।

पंजाब भेजी गई विशेष टीम, 40 ग्राम के पार पहुंची रिकवरी
ठोस सुराग मिलने के बाद बिलासपुर पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर पंजाब भेजी गई। टीम ने बेहतरीन कार्रवाई करते हुए पंजाब के खरड़ से मुख्य आरोपी सोनू कुमार निवासी श्री मुक्तसर साहिब (पंजाब) को धर दबोचा। तलाशी के दौरान सोनू के कब्जे से 32.75 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। मुख्य सप्लायर की इस गिरफ्तारी के बाद इस पूरे मामले में अब तक कुल 40.07 ग्राम चिट्टा बरामद किया जा चुका है।

बिलासपुर के कई इलाकों में होनी थी सप्लाई, अब ग्राहकों की तलाश
प्रारंभिक जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ है कि आरोपी इस खेप को बिलासपुर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई करने की फिराक में था। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल संपर्कों, उसके संभावित ग्राहकों और पूरे सप्लाई नैटवर्क की गहन पड़ताल कर रही है। साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि यह सप्लायर इससे पहले जिले में कितनी खेप पहुंचा चुका है और इस काले कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

केवल मोहरों को नहीं, पूरे नैटवर्क को करेंगे ध्वस्त: एसपी
इस बड़ी कामयाबी पर एसपी बिलासपुर, अभिषेक धीमान ने कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई अब केवल स्थानीय स्तर की गिरफ्तारियों तक सीमित नहीं रहेगी। बैकवर्ड लिंकेज के माध्यम से नशे के मुख्य स्रोत तक पहुंचकर पूरे नैटवर्क की कमर तोड़ने की रणनीति पर लगातार काम किया जा रहा है। एसपी ने कहा कि इस तरह की आक्रामक और जड़ तक जाने वाली कार्रवाई से ही अंतर्राज्यीय नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News