कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर पुलिस के हत्थे चढ़ा आदतन अपराधी, नशे की खेप बरामद; पहले से दर्ज हैं 10 मामले

punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 06:13 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में पुलिस के नशा विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्पैशल डिटैक्शन टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान एक शातिर नशा तस्कर को 9.05 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि पकड़ा गया आरोपी एक आदतन अपराधी है।

जानकारी के अनुसार जिला पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर पट्टा चौक के पास गश्त और वाहनों की रूटीन चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान कीरतपुर की ओर से आ रही एक बाइक ( HP 24D-5429) को जांच के लिए रोका गया। पुलिस टीम ने जब शक के आधार पर बाइक सवार की तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 9.05 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान अजय ठाकुर (32) निवासी बैहल कंडेला, डाकघर बामटा, तहसील सदर व जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि अजय ठाकुर का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट, चोरी, मारपीट, धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में कुल 10 मामले दर्ज हो चुके हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी लंबे समय से चिट्टा तस्करी में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 में 0.12 ग्राम, वर्ष 2023 में 3.84 ग्राम और 19.04 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले दर्ज हो चुके हैं। इसके अलावा 2024 में भी वह तस्करी के मामलों में नामजद रहा है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट के तहत ताजा मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह चिट्टा कहां से लेकर आया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। इसके साथ ही आरोपी के मोबाइल संपर्कों और नशे के कारोबार में उसके साथ जुड़े अन्य लोगों की भी बारीकी से जांच की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News