Bilaspur: 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा खरड़ से पकड़ा चिट्टा सप्लायर

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 04:44 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): स्वारघाट थाना पुलिस द्वारा पंजाब के खरड़ से गिरफ्तार किए गए चिट्टा तस्करी के आरोपी सोनू कुमार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर नशा तस्करी के पूरे नैटवर्क, उसके संपर्कों और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाएगी। बता दें कि स्वारघाट लिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत इस मामले में बैकवर्ड लिंकेज की जांच करते हुए आरोपी सोनू कुमार को खरड़ पंजाब से गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 32.75 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। इससे पहले स्वारघाट क्षेत्र से गिरफ्तार आरोपी सुमन कुमार के पास से 7.32 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था।

आरोपी के नैटवर्क में कौन-कौन शामिल, पता लगाएगी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपी लंबे समय से हिमाचल में नशे की सप्लाई से जुड़ा हो सकता है। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि उसने जिले में पहले कितनी खेप भेजी, किन-किन लोगों को नशा उपलब्ध कराया और उसके नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल फोन और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने कहा कि जिला पुलिस की प्राथमिकता केवल स्थानीय तस्करों की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि नशे के पूरे सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करना है। बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर स्रोत तक पहुंचकर कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News