बिलासपुर में तेज रफ्तार का कहर, सड़क किनारे पैदल जा रहे बुजुर्ग को कार ने मारी टक्कर...मौत
punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 01:43 PM (IST)
Bilaspur Road Accident : हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के भराड़ी थाना क्षेत्र के तहत नैशनल हाईवे-103 शिमला-मटौर पर दधोल पुल के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक राहगीर की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रूप लाल (67), पुत्र भोनू राम, निवासी गांव व डाकघर दावला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि थाना भराड़ी के अंतर्गत दधोल पुल के पास मंगलवार को सड़क किनारे पैदल जा रहे थे। इसी दौरान डंगार की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल घुमारवीं पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स बिलासपुर रैफर कर दिया। एम्स बिलासपुर में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही भराड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने करवाने के बाद परिजनों के सुपूर्द कर दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है तथा कार चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले की पुष्टि डी.एस.पी. घुमारवीं विशाल वर्मा ने की है।

