बिजली का कनैक्शन काटने गए कर्मचारियों से मारपीट, जान से मारने की दी धमकी

punjabkesari.in Tuesday, Jun 04, 2019 - 09:08 PM (IST)

नेरचौक: बिजली कनैक्शन काटने गए कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। रत्ति अनुभाग के कनिष्ठ अभियंता सुरेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि उपभोक्ता खुशवंत सिंह पिछले कई महीनों से बिजली का बिल अदा नहीं कर रहा था, जिस पर विभागीय कार्रवाई करते हुए कर्मचारियों को कनैक्शन काटने को कहा गया था। इसी के चलते 2 कर्मचारी कनव व सचिन कनैक्शन अस्थायी तौर पर काटने पहुंचे थे, जिनके साथ उपभोक्ता के दोनों बेटे बहसबाजी करने लगे। इसके बाद उक्त दोनों ने उन पर हमला कर दिया और उनके कपड़े भी फाड़ दिए। मारपीट के चलते दोनों विद्युत कर्मचारियों को चोटें आई हैं।

कनिष्ठ अभियंता के सामने कर्मचारियों को दी जाने से मरने की धमकी

कनिष्ठ अभियंता सुरेंद्र कुमार ने कहा कि जब वह खुशवंत सिंह के घर पहुंचे तो उनके सामने भी खुशवंत सिंह के लड़के दोनों विद्युत कर्मचारियों को ड्यूटी के बाद जान से मारने की धमकी दे रहे थे तथा मेरे साथ भी बदतमीजी की। इसके चलते पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई है कि उक्त दोनों पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। वहीं थाना बल्ह के प्रभारी राजेश ठाकुर ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News