बल्लाह ब्लाइंड मर्डर केस, शक के आधार पर गिरफ्तार व्यक्ति को पुलिस ने किया डिस्चार्ज

punjabkesari.in Monday, Jul 01, 2024 - 08:56 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): बल्लाह ब्लाइंड मर्डर केस में पुलिस द्वारा शक के आधार पर गिरफ्तार व्यक्ति को डिस्चार्ज कर दिया गया है। ऐसे में इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस को फिलहाल मिलती दिख रही सफलता पर विराम लगा है। पुलिस ने 27 जून को शक के आधार पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति से पूछताछ में कोई भी तथ्य पुलिस के हाथ नहीं लगा है। इसके पश्चात पुलिस ने उसे डिस्चार्ज कर दिया है। 18 अप्रैल को बल्लाह के जंगल में एक महिला की गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस प्रकरण में बड़ी संख्या में लोगों से पूछताछ की परंतु कोई भी सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा। यद्यपि पुलिस का दावा है कि साइंटिफिक एविडैंस में कुछ तथ्य पुलिस के हाथ लगे हैं जिनके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

जानकारी अनुसार पुलिस ने सोमवार को भी कुछ लोगों से पूछताछ की, वहीं पुलिस का दावा है कि कुछ और लोगों से पूछताछ की जा सकती है। बताया जा रहा है कि पुलिस के राडार पर कुछ लोग आए हैं परंतु अभी तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है। डीएसपी पालमपुर लोकेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने जिस व्यक्ति को गिरफ्तार किया था, उससे फिलहाल पुलिस को कोई ठोस तथ्य नहीं मिला है, जिस कारण उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में न्यायालय के समक्ष भी पुलिस ने अपना पक्ष रख दिया है। यद्यपि उन्होंने कहा कि कुछ अन्य लोगों से पूछताछ का क्रम जारी है। वहीं साइंटिफिक एविडैंस में जो तथ्य हाथ लगे हैं, उनके आधार पर भी जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News