Kangra: समस्या से परेशान लाेगों ने जल शक्ति विभाग के ​खिलाफ लगाए मुर्दाबाद के नारे

punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 06:44 PM (IST)

बडूखर (सुनीत): कांगड़ा जिला में जहां एक तरफ अनेक जगह वर्षा से तबाही मची है वहीं जिला का एक क्षेत्र ऐसा भी है जो पानी के लिए प्यासा है। जल शक्ति मंडल इंदौरा के अंतर्गत उपमंडल बडूखर के वार्ड नंबर 3 व 4 के लोग पिछले एक हफ्ते से पीने के पानी की सप्लाई बाधित होने के चलते परेशान हैं। इस समस्या को लेकर मंगलवार को स्थानीय ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया व सुबह 10 बजे ही बडूखर वार्ड नंबर 3 व 4 की जनता अधिकारियों से पूछने कार्यालय पहुंची। लेकिन वहां दोपहर एक बजे तक कोई भी अधिकारी कार्यालय में नहीं पहुंचा। मात्र 3 से 4 कर्मचारी वहां पर दिखाई दिए। इस दौरान लोगों ने विभाग के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। लगभग 2 बजे सहायक अभियंता व ठेकेदार कार्यालय स्थल पर पहुंचे।

इस दौरान ग्रामीणों व सहायक अभियंता के बीच तीखी नोक-झोंक देखने को मिली। लोगों ने कहा कि विभाग के दफ्तर में कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं होता, जबकि जहां पर काम लगा हुआ है वहां किसी भी अधिकारी के न आने के कारण 2 दिन में खत्म होने वाला काम आज 8वें दिन में प्रवेश कर चुका है, लेकिन उन्हें अभी तक भी पीने का स्वच्छ जल मुहैया नहीं करवाया जा सका है। विमला देवी, बलदेव राज चौधरी, रणवीर सिंह, पवन कुमार, सोमराज, रामलाल, तृप्ता देवी, रीना देवी, उषा देवी सहित करीब 50 ग्रामीणों ने बताया कि उनके पास इतने पैसे भी नहीं हैं कि वह रोज पानी के टैंकर मंगवा कर अपनी जरूरत को पूरा कर सकें। इस बारे अधिशासी अभियंता जल शक्ति मंडल इंदौरा दविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। वह तुरंत ही सहायक अभियंता को मौके पर भेज कर ग्रामीणों की मांग पर यथा उचित कार्रवाई को कहेंगे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News