Himachal: वन विभाग में 500 फोरैस्ट गार्ड के पद समाप्त, अब असिस्टैंट फोरैस्ट गार्ड के रूप में होगी भर्ती...जानें कितनी मिलेगी सैलरी
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 02:25 PM (IST)
शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने वन विभाग की भर्ती व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए एक अहम फैसला लिया है। सरकार ने फोरैस्ट गार्ड के 500 नियमित पदों को समाप्त कर उनकी जगह 500 असिस्टैंट फोरैस्ट गार्ड के नए पद सृजित करने की अधिसूचना बीते दिन जारी कर दी है। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
16,000 रुपए प्रतिमाह फिक्स सैलरी
अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन) कमलेश कुमार पंत द्वारा जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि अब इन नए पदों पर नियुक्ति नियमित वेतनमान के बजाय तय मानदेय पर की जाएगी। असिस्टैंट फोरैस्ट गार्ड के रूप में चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को 16,000 रुपए प्रतिमाह फिक्स सैलरी दी जाएगी।

वन मित्रों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण निर्धारित
इससे पहले जहां फोरैस्ट गार्ड के पद नियमित श्रेणी में आते थे, वहीं अब नई व्यवस्था में इन्हें अस्थायी स्वरूप दिया गया है। सरकार ने इन पदों में 50 प्रतिशत आरक्षण वन मित्रों के लिए निर्धारित किया है। नियुक्तियों में रोस्टर प्रणाली लागू होगी, जिससे विभिन्न वर्गों को नियमानुसार अवसर मिल सके। खास बात यह है कि वन मित्रों के लिए किसी प्रकार का अनुभव अनिवार्य नहीं रखा गया है, जिससे इस श्रेणी के अधिक लोगों को मौका मिलने की संभावना है।

