हिमाचल में 3468 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जारी, चयन आयोग को भेजा 2668 पदों का प्रस्ताव

punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 10:28 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के शिक्षा विभाग में खाली पदों को भरने और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए सरकार तेजी से काम कर रही है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि प्रदेश के सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों के लिए 3468 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। बुधवार को शिक्षा विभाग में चल रहे विभिन्न सुधारात्मक कार्यक्रमों और योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए, शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को सरकार की जनकल्याणकारी पहलों को तय समय सीमा के भीतर प्रभावी ढंग से लागू करने के सख्त निर्देश दिए। भर्तियों की विस्तृत जानकारी देते हुए शिक्षा मंत्री ने बताया कि कुल 3468 पदों में से 19 विभिन्न श्रेणियों के 2668 नियमित पदों को भरने का मामला राज्य चयन आयोग हमीरपुर को भेजा जा चुका है। इसके तहत प्रदेश में संस्कृत, शारीरिक शिक्षा, संगीत, ड्राइंग, विज्ञान, वाणिज्य, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, इतिहास, हिन्दी, भूगोल, समाजशास्त्र, मनोविज्ञान, कम्प्यूटर विज्ञान, ललित कला तथा लोक प्रशासन विषयों के शिक्षकों की भर्ती भी शीघ्र ही पूरी कर ली जाएगी।

800 अस्थायी शिक्षकों की हो रही नियुक्ति, 146 स्कूलों को सीबीएसई मान्यता
नियमित भर्तियों के अलावा शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से प्रदेश सरकार 800 अस्थायी शिक्षकों की नियुक्ति भी कर रही है। इनमें 400 अंग्रेजी और 400 गणित के शिक्षक शामिल हैं, जिनमें से 292 अंग्रेजी और 284 गणित के शिक्षक अपने-अपने स्कूलों में कार्यभार ग्रहण कर चुके हैं। वहीं, सीबीएसई स्कूल पहल की समीक्षा करते हुए मंत्री ने बताया कि राज्य के 158 स्कूलों को सीबीएसई पाठ्यक्रम की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनमें से 146 विद्यालयों को सीबीएसई की संबद्धता भी प्राप्त हो चुकी है।

एसएमसी अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, असफल रहने वालों को मिलेगा दूसरा अवसर
बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने एसएमसी शिक्षकों, कम्प्यूटर शिक्षकों तथा एलडीआर मामलों सहित विभिन्न सेवा व भर्ती संबंधी विषयों की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने एक बड़ा फैसला लेते हुए निर्देश दिए कि प्रथम प्रयास में असफल रहे एसएमसी अभ्यर्थियों को दूसरा अवसर प्रदान किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को लंबित सेवा मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्रता से निपटारा सुनिश्चित करने को कहा है।

मल्टी टास्क वर्कर के खाली पद जल्द भरे जाएंगे
मल्टी टास्क वर्कर भर्ती की समीक्षा करते हुए रोहित ठाकुर ने बताया कि विभाग में स्वीकृत 8,000 पदों में से 6,703 पद भरे जा चुके हैं। उन्होंने शेष बचे खाली पदों को भी जल्द से जल्द भरने के निर्देश दिए हैं। बैठक में डॉ. वाईएस परमार डिजिटल विद्यार्थी योजना और डॉ. वाईएस परमार विद्यार्थी ऋण योजना की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री पोषण योजना के सोशल ऑडिट को लेकर सभी जिलों को एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने आपदा प्रभावित स्कूलों के पुनर्निर्माण व मुरम्मत कार्यों की औपचारिकताएं भी शीघ्र पूरी कर काम में तेजी लाने को कहा है।

स्कूलों के लिए बनेगी मौसम परामर्श प्रणाली
शिक्षा मंत्री ने शिक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए कुछ अन्य महत्वपूर्ण कदम उठाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश में गैर-कार्यशील केंद्रीय स्कूलों को जल्द संचालित करने को कहा है। इसके अलावा विद्यालयों के लिए एक समयबद्ध मौसम परामर्श प्रणाली विकसित करने और भारत सरकार के शिक्षक पुरस्कार-2026 के प्रति राज्य के अधिक से अधिक शिक्षकों को जागरूक करने के भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News