पुलिस कांस्टेबल भर्ती: अभ्यर्थियों को नैगेटिव मार्किंग से बचने के लिए लिखित परीक्षा में करना होगा ये काम
punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 12:25 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): पुलिस विभाग में पुलिस कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) के 734 पदों पर भर्ती क्लास-3 (गैर-राजपत्रित) के तहत नियमित आधार पर होगी। चयनित अभ्यर्थियों को पे-बैंड लेवल-3 (20200 रुपए से 64000 रुपए) के तहत वेतन मिलेगा। इन पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने के बाद शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पात्रता संबंधी शर्तें जारी कर दी हैं। भर्ती प्रक्रिया 4 चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले पुलिस विभाग द्वारा फिजिकल स्टैंडर्ड टैस्ट (पीएसटी) और फिजिकल एफिशिएंसी टैस्ट (पीईटी) आयोजित किए जाएंगे, जिनकी वीडियोग्राफी भी होगी तथा आवश्यकता पड़ने पर ड्रग/डोप टैस्ट करवाया जा सकता है। इसके बाद पात्र अभ्यर्थियों की 90 अंकों की ओएमआर आधारित लिखित परीक्षा होगी। सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा और अंत में मेडिकल परीक्षण के बाद अंतिम चयन होगा।
2 घंटे की होगी लिखित परीक्षा, पूछे जाएंगे 90 बहुविकल्पीय प्रश्न
लिखित परीक्षा 2 घंटे की होगी, जिसमें 90 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्नपत्र हिन्दी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगा। परीक्षा में 025 अंक की नैगेटिव मार्किंग लागू रहेगी। यदि अभ्यर्थी किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहता है और नैगेटिव मार्किंग से बचना चाहता है तो उसे ओएमआर शीट पर विकल्प ‘ई’ भरना होगा। प्रश्न खाली छोड़ने पर भी नैगेटिव मार्किंग लागू होगी। अंतिम मैरिट 100 अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। इसमें लिखित परीक्षा के 90 अंक, ऊंचाई के अधिकतम 6 अंक तथा एनसीसी प्रमाणपत्र के अधिकतम 4 अंक शामिल होंगे। एनसीसी ‘सी’ प्रमाण पत्र पर 4 अंक, ‘बी’ पर 2 अंक और ‘ए’ प्रमाणपत्र पर 1 अंक दिया जाएगा।
600 रुपए का एक समान शुल्क निर्धारित
सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए 600 रुपए का एक समान शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसे ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा। ऑनलाइन आवेदन 6 अगस्त तक किया जा सकता है।
आवेदन भरते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह
आयोग ने साफ किया है कि जो अभ्यर्थी निर्धारित शारीरिक मानकों को पूरा नहीं करेंगे, उन्हें भर्ती प्रक्रिया से तत्काल अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। आयोग के अनुसार जन्मतिथि के लिए केवल मैट्रिक/सैकेंडरी परीक्षा प्रमाणपत्र में दर्ज तिथि ही मान्य होगी। आवेदन जमा करने के बाद जन्मतिथि में किसी भी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि आवेदन पत्र में दर्ज जन्मतिथि और मैट्रिक प्रमाणपत्र में अंकित जन्मतिथि में किसी भी स्तर पर अंतर पाया जाता है, तो आयोग नियमों के तहत अभ्यर्थी की उम्मीदवारी रद्द कर सकता है।
निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और शारीरिक मानकों को पूरा करना अनिवार्य
पुलिस कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और शारीरिक मानकों को पूरा करना अनिवार्य होगा। तय किए भर्ती नियमों के अनुसार उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साथ ही अभ्यर्थी ने मैट्रिक और 12वीं की परीक्षा हिमाचल प्रदेश के किसी स्कूल, संस्थान या बोर्ड से उत्तीर्ण की हो। हालांकि यह शर्त हिमाचल प्रदेश के मूल निवासी अभ्यर्थियों पर लागू नहीं होगी। लोक सेवा आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार आयु सीमा 1-1-2026 के अनुसार होगी और सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 25 वर्ष निर्धारित की गई है। इसके अलावा एससी, एसटी, एससी/एसटी, पूर्व सैनिक वार्ड, ओबीसी और ओबीसी पूर्व सैनिक वार्ड के उम्मीदवार 18 से 27 वर्ष तक आवेदन कर सकते हैं। होम गार्ड श्रेणी के सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 20 से 28 वर्ष तथा एससी, एसटी और गोरखा होम गार्ड अभ्यर्थियों के लिए भी 20 से 28 वर्ष निर्धारित की गई है।
पुरुष उम्मीदवारों के लिए तय शारीरिक मानक
शारीरिक मानकों के अनुसार सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम ऊंचाई 5 फुट 6 इंच तथा सीने का माप 31*32 इंच होना चाहिए। एससी, एसटी और गोरखा वर्ग के लिए न्यूनतम ऊंचाई 5 फुट 4 इंच और सीने का माप 29*30 इंच निर्धारित किया गया है।
महिला उम्मीदवारों के लिए तय शारीरिक मानक
महिला उम्मीदवारों के लिए तय शारीरिक मानकों के अनुसार सामान्य, ईडब्ल्यूएस, पूर्व सैनिकों के वार्ड और ओबीसी के लिए न्यूनतम 5 फुट 2 इंच ऊंचाई तय की गई है। एससी/एसटी और गोरखा उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 5 फुट निर्धारित की गई है। ओबीसी/ ओबीसी (पूर्व सैनिकों के वार्ड) के लिए न्यूनतम ऊंचाई 5 फुट 2 इंच, होम गार्ड (सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस) वर्ग की उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 5 फुट 2 इंच, होम गार्ड (एससी/एसटी/गोरखा) वर्ग की उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 5 फुट तय की गई है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

