अंजू धीमान को किया सभी दायित्वों से मुक्त, पार्टी के खिलाफ बोलने पर गिरी गाज

punjabkesari.in Tuesday, May 11, 2021 - 04:39 PM (IST)

चम्बा (काकू): भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष कांता ठाकुर ने कहा कि महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अंजू धीमान को सभी दायित्वों से मुक्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से अंजु धीमान द्वारा मीडिया एवं सोशल मीडिया पर कई पार्टी विरोधी विषयों को उठाने का प्रयास किया गया है। इसके चलते वरिष्ठ नेतृत्व से चर्चा के बाद उन्हें पार्टी के सभी दायित्वों से मुक्त करने की घोषणा की गई है। महिला मोर्चा अध्यक्ष कांता ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार महिलाओं के हित में कार्य करने वाली पार्टी है। हिमाचल प्रदेश में पंचायतों एवं नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर महिला सशक्तिकरण की तरफ एक बड़ा कदम भाजपा ने बढ़ाया है। भाजपा लगातार महिलाओं को सशक्त करने की योजनाएं केंद्र व प्रदेश में चला रही है। इससे देश भर में करोड़ों महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं।

ऐसे समय में निजी स्वार्थों की पूर्ति न होने पर मीडिया एवं सोशल मीडिया पर पार्टी को बदनाम करना व पार्टी के अंदरूनी विषयों को  सोशल मीडिया के माध्यम से व्यक्त करना पार्टी के संविधान के खिलाफ है। महिला मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि अंजु धीमान को समय-समय पर पार्टी में मान सम्मान देते हुए कई पदों पर बिठाया। पार्टी के साथ-साथ सरकार के स्तर पर भी उन्हें मान सम्मान देने का प्रयास हुआ, लेकिन केवल निजी स्वार्थों व विपक्षी दलों के बहकावे में आकर पार्टी के विषयों को मीडिया एवं सोशल मीडिया में ले जाना पार्टी संविधान के विरुद्ध है। इसलिए अंजु धीमान को सभी पदों से मुक्त कर दिया गया है। गौर रहे कि अंजू धीमान ने हाल ही में फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर की थी। इसमें उन्होंने कहा था कि वह एक ऐसी पार्टी की विचारधारा से जुड़ी थी जहां महिलाओं का मान सम्मान किया जाता था, लेकिन जहां अब महिलाओं का मान सम्मान एक दिखावा बनकर रह गया है। ऐसे में परेशान होकर उपाध्यक्ष पद छोडऩे को विवश हो गई। विशेषकर डल्हौजी मंडल में कुछेक लोगों की वजह से अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kaku Chauhan

Recommended News

Related News