Weather Update: अटल टनल सहित ऊंचे इलाकों में गिरे बर्फ के फाहे, जानें शनिवार से कैसे रहेगा मौसम का मिजाज
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 10:16 PM (IST)
शिमला (संतोष): राज्य की ऊंची चोटियों पर बारिश व बर्फबारी की हल्की हलचल हुई है। राज्य के अटल टनल रोहतांग सहित ऊंची चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरे, जिससे सैलानियों ने इनका लुत्फ उठाया, जबकि जोत में 2.2 व धर्मशाला में 1.2 मिलीमीटर वर्षा रिकाॅर्ड की गई है, जबकि मनाली में भी बूंदाबांदी हुई है। जनजातीय जिलों में पहले ही न्यूनतम पारा शून्य से नीचे माइनस में चला हुआ है, लेकिन बर्फ के फाहे व बारिश होने से यहां तापमान और लुढ़क गया है, जबकि राजधानी शिमला सहित मध्य व मैदानी इलाके पूरी तरह से साफ रहे और धूप खिली रही।
ऊना में अधिकतम तापमान 30 डिग्री पार कर गया है, जबकि राजधानी शिमला में 17.5 डिग्री रहा है। जानकारी के अनुसार राज्य के कुल्लू और लाहौल घाटी के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ने फिर करवट बदली है। शुक्रवार शाम से अटल टनल रोहतांग सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुककर बर्फबारी शुरू हुई और इससे इन क्षेत्रों में पारा फिर से गिर गया है, जिससे ठंड बढ़ गई है।
राज्य के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 2.6, ताबो में माइनस 2.4, कल्पा में 0.6 डिग्री रहा है। इसके अलावा शिमला व सुंदरनगर में 8.5-8.5, भुंतर में 7.6, धर्मशाला में 10.2, ऊना में 10.6, नाहन में 11.3, पालमपुर में 9, सोलन में 6.8, मनाली में 3.5, कांगड़ा में 10.4, मंडी में 9.4, बिलासपुर में 11.5, जुब्बड़हटटी में 9.2, सेओबाग में 5.3, बरठी में 8.6, पांवटा साहिब में 13, सराहन में 6.3, देहरा गोपीपुर में 13, नेरी में 15 डिग्री रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में समूचे सप्ताह मौसम अब पूरी तरह से साफ व शुष्क बना रहेगा। कहीं पर भी बारिश व बर्फबारी के आसार नहीं हैं। आगामी 4-5 दिनों के दौरान सिवाय ऊंची पहाड़ी व आसपास के मध्य इलाकों के अलावा राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

